Betul Samachar: Video: आपसी विवाद में एएसआई की बाइक में लगाई आग, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, वरिष्ठ अधिकारि भी गुमराह

Betul Samachar: बैतूल। जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण के बजाय पुलिस की कार्यप्रणाली खुद सवालों के घेरे में आ गई है। अपराध रोकने की जिम्मेदारी निभाने वाली पुलिस ही अब अपराध की घटनाओं में उलझती नजर आ रही है। ताजा मामला झल्लार थाना क्षेत्र का है, जहां थाने में पदस्थ एक एएसआई की बाइक को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना आपसी विवाद के बाद हुई। इसमें नशे की हालत में मारपीट भी हुई थी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झल्लार थाने में पदस्थ एएसआई श्रीकांत वर्मा का गुरुवार रात कुछ लोगों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि सभी पक्ष शराब के नशे में थे और विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान विवाद में शामिल कुछ लोगों ने एएसआई की बाइक में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद आसपास से गुजर रहे कुछ युवकों ने जलती हुई बाइक के वीडियो बना लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सार्वजनिक हुआ और मीडिया तक पहुंचा। घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि इतनी गंभीर घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को समय पर नहीं दी गई।

नियमों के अनुसार किसी भी पुलिसकर्मी के साथ हुई ऐसी घटना की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दी जानी चाहिए थी, लेकिन शनिवार सुबह तक न तो पुलिस अधीक्षक और न ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई। जब इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी से सवाल किया गया तो उन्होंने शुरुआत में ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी तक इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है और संबंधित थाने से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एएसपी के संज्ञान में मामला आने के बाद कार्रवाई का भरोसा जरूर दिलाया गया, लेकिन तब तक घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो चुके थे। इस पूरे मामले ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं। आखिर थाना प्रभारी ने इतनी बड़ी घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को क्यों नहीं दी?

घटना की तत्काल जांच क्यों नहीं कराई गई और आरोपियों के खिलाफ अब तक मामला दर्ज क्यों नहीं हुआ? पुलिस की इस ढिलाई से यह संदेश जाता है कि अपराधियों को अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण मिल रहा है। जानकारों का मानना है कि यदि इस तरह की घटनाओं में सख्त और त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो जिले में अपराध कम होने के बजाय और बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इनका कहना….

घटना की जानकारी मुझे नहीं है। सम्बन्धित थाने से जानकारी ली जाकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

कमला जोशी, एएसपी बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button