Betul Ki Khabar: सामूहिक विवाह से फिजूल खर्च में कमी: हेमंत खंडेलवाल

बैतूल में 200 जोड़े एक साथ परिणय बंधन में बंधे
Betul Ki Khabar: बैतूल: गरीब परिवारों को आर्थिक राहत देने और शादी-विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत रविवार को बैतूल के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 200 जोड़ों ने एक साथ विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर एक शादी में परिवार की वर्षों की जमा पूंजी खर्च हो जाती है, जिससे आर्थिक स्थिति कमजोर हो जाती है। ऐसे में सरकार की यह योजना गरीबों को बड़ी राहत प्रदान कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से न केवल विवाह संपन्न कराया जाता है, बल्कि नवविवाहित जोड़ों को आर्थिक सहायता भी दी जाती है, जिससे वे अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत बेहतर तरीके से कर सकें। खंडेलवाल ने सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जनकल्याणकारी पहल: उइके
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण और जनकल्याणकारी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को आर्थिक बोझ से मुक्त करना और समाज में फिजूल खर्च की परंपरा को कम करना है। उन्होंने बताया कि इस योजना की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी, जिसे वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग को योजनाओं का लाभ मिले और किसी भी गरीब परिवार को बेटी की शादी के लिए परेशान न होना पड़े।
विवाह एक पवित्र बंधन: पंडाग्रे
आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने अपने संबोधन में कहा कि विवाह एक पवित्र बंधन है और एक साथ इतने बड़े स्तर पर विवाह समारोह का आयोजन समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देते हैं और गरीब परिवारों को सम्मान के साथ विवाह करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को बधाई देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
200 जोड़े हुए परिणयबद्ध
समारोह में शामिल सभी 200 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी जरूरतों के अनुसार इसका उपयोग कर सकें। विवाह स्थल पर सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित थीं और प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम से पहले दूल्हों की बारात शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम से निकाली गई, जो गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए पुलिस ग्राउंड पहुंची। बारात में दूल्हे और उनके परिजन पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए और जमकर थिरके।
हालांकि इस बार तेज धूप के कारण अधिकांश जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बारात में शामिल होने से दूरी बनाए रखी और सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। कुल मिलाकर यह सामूहिक विवाह समारोह न केवल 200 जोड़ों के जीवन का नया अध्याय बना, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि सादगी और सहयोग के साथ भी विवाह जैसे पवित्र संस्कार को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न किया जा सकता है।
जनप्रतिनिधियों को लगी धूप, बारात से बनाई दूरी
सामूहिक विवाह समारोहों में आमतौर पर जनप्रतिनिधि और अधिकारी बारात में शामिल होकर उत्साह बढ़ाते नजर आते हैं, लेकिन इस बार नजारा अलग रहा। तेज धूप और गर्मी के चलते किसी भी जनप्रतिनिधि ने बारात में हिस्सा नहीं लिया। दूल्हों की बारात शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम से पूरे उत्साह के साथ निकली, जिसमें परिजन और अन्य लोग डीजे की धुन पर झूमते रहे। हालांकि जनप्रतिनिधियों ने गर्मी से बचने के लिए सीधे विवाह स्थल पर पहुंचना उचित समझा और मंच पर उपस्थित होकर कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाई।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




