Betul Samachar: चक्कर रोड की पहाड़ी पर चोरी का वेस्टेज मिलने से हड़कंप

जेवर निकालकर फेंका गया सामान, बिल-पर्स और तीन वाहनों की चाबियां बरामद
Betul Samachar: बैतूल। शहर के चक्कर रोड स्थित पहाड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह चोरी के एक मामले से जुड़ा संदिग्ध वेस्टेज मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पहाड़ी पर झाड़ियों के बीच ज्वेलर्स के छोटे-छोटे खाली पर्स, जेवरों के बिल, तीन वाहनों की चाबियां सहित अन्य सामग्री बिखरी पड़ी मिली। मौके पर संगीता डोंगरे नाम के ज्वेलर्स का बिल पाया गया। इससे मामला और गंभीर हो गया।
सुबह करीब 7 बजे सैर-सपाटा करने पहुंचे जागरूक नागरिकों की नजर जब इस संदिग्ध सामान पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी टीआई देवकरण डेहरिया दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल पर पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, ताकि चोरों के संबंध में कोई अहम सुराग मिल सके।
प्राथमिक जांच में पुलिस को अंदेशा है कि किसी घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने कीमती जेवर अपने पास रख लिए और बाकी सामान जैसे पर्स, बिल और चाबियां पहाड़ी पर लाकर फेंक दिए। झाड़ियों के बीच शराब और पानी की खाली बोतलें भी मिली हैं, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना में दो या तीन लोगों की संलिप्तता हो सकती है। टीआई देवकरण डेहरिया ने बताया कि मौके पर मिले सामान की जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद यह जानकारी सामने आई है कि यह सामान वैष्णवी धाम क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार का है। कुछ दिन पहले ही उनके घर में चोरी की घटना हुई थी, जिसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। अब पहाड़ी पर मिला वेस्टेज उसी चोरी से जुड़ा होना प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। साथ ही संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है और पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों से भी पूछताछ की जा रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की सक्रियता से जल्द कार्रवाई की उम्मीद भी जताई जा रही है।




