Betul Ki Khabar: हिमाचल प्रदेश के परमिट पर बैतूल में चल रही थी बस, परिवहन विभाग ने लगाया 10 हजार का जुर्माना

Betul Ki Khabar: बैतूल। परिवहन विभाग द्वारा जिले में यात्री बसों की सघन जांच अभियान शुरू किया गया है। इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है। नियमों का उल्लंघन कर बस संचालन करने वालों पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जुर्माने की कार्रवाई की है।

जांच के दौरान एक यात्री बस हिमाचल प्रदेश के परमिट पर बैतूल जिले में संचालित होती पाई गई। नियमानुसार बिना वैध परमिट के बस संचालन करना अपराध की श्रेणी में आता है। इस गंभीर उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने संबंधित बस संचालक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने बताया कि शनिवार रात को भोपाल–नागपुर फोरलेन पर यात्री बसों की गहन जांच की गई। इस दौरान बसों में परमिट, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन खिड़की, चालक केबिन के पास खिड़की सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई। जांच में कई बसों में गंभीर खामियां सामने आईं।

कुछ बसों में अग्निशमन यंत्र पूरी तरह गायब पाए गए, जबकि कुछ बसों में निर्धारित मानकों से छोटे अग्निशमन सिलेंडर लगे हुए थे। यह यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर लापरवाही मानी जा रही है।




