Betul News: संगठन को मजबूत-ऊर्जावान बनाने के लक्ष्य पर खरा उतरे सुधाकर

एक वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर बेबाकी से रखी अपनी बात, बोले – नपा-पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू

Betul News: बैतूल। आज से ठीक एक वर्ष पहले प्रदेश संगठन ने चौकाने वाला निर्णय लेते हुए नगर परिषद बैतूलबाजार के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा जिला महामंत्री सुधाकर पवार को पार्टी का बैतूल जिला मुखिया बनाया। यह बात उस समय किसी आश्चर्य से कम नहीं थी। दरअसल पूर्व जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला की दूसरी पारी की प्रबल संभावना थी, लेकिन संगठन ने चौकाने वाला निर्णय लेकर सुधाकर को जिला अध्यक्ष का दायित्व सौंप दिया।

कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने संगठन को मजबूत करने और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया। बकौल सुधाकर पवार वे इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए 16 घंटे से अधिक पार्टी को दे रहे हैं। उनका दावा है कि एक वर्ष के कार्यकाल में सभी को साथ लेकर संगठन और अधिक सशक्त हुआ है। एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सांझवीर टाईम्स से चर्चा करते हुए उन्होंने बेबाकी से ज्वलंत सवालों का जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि जब पार्टी ने दायित्व दिया था, तब उसे शिद्दत से निभाने के लिए हर प्रयास किए हैं। एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सांझवीर से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद से वे संगठन को शत प्रतिशत देने के वादे पर खरे उतरे हैं। 16 घंटे से अधिक पार्टी को देकर मजबूती प्रदान करने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

जिले के सांसद और पांचों विधायकों के मार्गदर्शन में पिछले एक वर्ष से राष्ट्रीय और प्रादेशिक कार्यक्रमों का बैतूल में बहुत अच्छा प्रतिसाद मिला है। कार्यकर्ताओं ने सौंपे गए दायित्वों को निष्ठा से निभाया है। यही वजह है कि एक वर्ष के कार्यकाल में ऐसी कोई कमी देखने को नहीं मिली, जिसे कहा जा सके। उनका मानना है कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को लेकर निर्वाहण किया गया। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे भी काम करने का लक्ष्य निर्धारित है।

कार्यकारणी में सभी को दायित्व

उन्होंने अपनी कार्यकारणी में सभी वर्ग को दायित्व न देने के सांझवीर के सवाल पर कहा है कि भाजपा का संगठन समुद्र की तरह है। छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ताओं को जो जिम्मेदारी दी जाती है, उसे चैलेंज के साथ निभाया जाता है। जिला कार्यकारिणी में सभी वर्गों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, जनजातीय और सामान्य वर्ग के कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए हैं।

इतना जरूर है कि जिन कार्यकर्ताओं को संगठन में स्थान नहीं दिया गया, उन्हें पार्टी ने दूसरी जगह सम्मानजनक दायित्व देकर उनका सम्मान बरकरार रखा है। एक प्रश्र के जवाब में जिला अध्यक्ष पवार ने कहा कि पार्टी में सामान्य कार्यकर्ता भी महत्व रखता है, इसलिए दायित्व के बिना पार्टी के कार्यकर्ता सौंपी गई जिम्मेदारी को निभा रहे हैं, ऐसा दूसरी पार्टियों में देखने को नहीं मिलेगा।

इतिहास दोहराया जाएगा

एक वर्ष पूरा होने पर भाजपा जिला अध्यक्ष पवार ने कहा कि जिले में संगठन में काफी मजबूत है। इसके लिए हमारे सांसद और पांचों विधायकों के नेतृत्व में असंख्यक कार्यकर्ताओं का योगदान है। गत विधानसभा चुनाव में जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराया है। उनका दावा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा यही इतिहास दोहराएगी। एक अन्य प्रश्र के जवाब में उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष में निकाय और पंचायत चुनाव है, इसे पार्टी काफी गंभीरता से ले रही है। इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू हो गई हैं।

पवार दावा किया कि जिले के सभी निकाय और पंचायतों में पार्टी के प्रत्याशियों को जीत मिलेगी। इसके पीछे वे केंद्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की डॉ मोहन यादव सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचने को कारण मानते हैं। पवार ने कहा कि हर वर्ग को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है, इसलिए भाजपा जिले में मजबूत है और संगठन के कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को लेकर लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button