Betul News: बैठकों में शामिल न होना बना प्रोपगंडा, नोटिस भी बेअसर
Betul News: Not attending meetings becomes propaganda, notices also ineffective

आखिर कलेक्टर ने दर्जनों अधिकारियों के वेतन काटे, कोषालय अधिकारी को भी जारी किया सूचना पत्र
Betul News: बैतूल। टीएल समेत अन्य बैठकों में शामिल न होना कई जिला प्रमुखों के लिए जैसे प्रोपगंडा बन गया है। इन पर न तो नोटिस का असर हो रहा है और न वेतन काटने का। इस बात से साफ जाहिर है कि सरकार की रीति-नीतियों और आदेश का उल्लंघन करना इनके लिए आम बात हो गई है। पिछले दिनों टीएल की बैठक में एक बार फिर एक दर्जन से अधिक अधिकारी कलेक्टर के सख्त निर्देश के बाद अनुपस्थित रहे। नतीजा यह हुआ कि कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी कर दिए। इस संबंध में कोषालय अधिकारी को भी आदेशित किया गया है। कलेक्टर के सख्त रूख के बाद एक बार फिर प्रशासकियों अधिकारियों में हड़कंप मचा है।
सप्ताह के पहले दिन सोमवार को कलेक्ट्रेड में टाइम लिमिट की बैठक में कलेक्टर हर विभाग की समीक्षा करते हैं। यही समीक्षा रिपोर्ट उसी दिन शाम को भोपाल भेजी जाती है, लेकिन कई विभाग प्रमुख इस बैठक को इतने हल्के में ले रहे हैं कि वे खुद बैठक में शामिल हो रहे हैं और न वे अपने किसी अधीनस्थ को बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दे रहे हैं। नतीजा यह हो रहा है कि सभी विभागों की टीएल में चर्चा नहीं हो पा रही है।
खासकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों में पिछड़ने के कारण कलेक्टर को भी राजधानी भोपाल से लगातार निर्देश मिल रहे हैं। निर्देशों का पालन न होने की स्थिति में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणो में भी पिछड़ते हैं। इसी वजह कलेक्टर ने पूर्व की बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को अनिवार्य रूप से टीएल की बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए थे, लेकिन उनके निर्देशों की हवा उड़ा दी गई।
इनका कटेगा एक दिन का वेतन
बीते सप्ताह टीएल की बैठक मेें अनुपस्थित रहने के बाद कलेक्टर सख्त हो गए। उन्होंने सबसे पहले कई अधिकारियों के गायब रहने पर जमकर नाराजगी जताई और एक-एक अधिकारियों का नाम बारीबार से पुकारा। जो अधिकारी अनुपस्थित थे, उनके एक दिन का वेतन काटने के निर्देश कोषालय अधिकारी को दिए। जिला पंजीयक के बैठक में शामिल न होने पर उन्हें आगामी बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निेर्दश दिए।
इसी तरह आयुष अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग(ब्रिज) के कार्यपालन यंत्री को नोटिस जारी कर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। इसी तरह नगर परिषद घोड़ाडोंगरी, बैतूलबाजार और आठनेर के सीएमओ बैठक में उपस्थित नहीं होने पर उनका भी एक दिन का वेतन काटने का फरमान जारी किया। सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अनुविभाग स्तर के अधिकारियों पर नियंत्रण बनाए रखे।
अब पंजी में अधिकारियों को करना होगा हस्ताक्षर
दर्जनों अधिकारी टीएल की बैठक में से गायब होने पर कलेक्टर ने अगली टीएल की बैठक में नए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत अब टीएल की हर बैठक के पहले कलेक्ट्रेट सभागृह में प्रवेश करने के पहले हस्ताक्षर पंजीयन में अपना हस्ताक्षर करना अनिवार्य है।
इससे स्पष्ट हो जाएगा कि जो अधिकारी बैठक में शामिल नहीं हुए हैं, बैठक के पहले ही उनका वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कलेक्टर ने टीएल की बैठक में इंटरनेट कनेक्टिविटी सुचारू रूप से संचालित न होने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने तत्काल सूचना एवं विज्ञान अधिकारी को इस समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
इनका कहना…
टीएल की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए है। अब बैठक के पहले ही उपस्थिति पंजी में सभी के हस्ताक्षर करवाएं जाएंगे।
नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर बैतूल




