Betul Ki Khabar: जिला कांग्रेस अध्यक्ष की निगरानी समिति की नियुक्ति पीसीसी ने की स्थगित

नाराजगी के बाद भेजी सूचना, भविष्य में ऐसी नियुक्ति के लिए अनुमोदन की हिदायत
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा द्वारा जिले में बनाई अनुशासन समिति को प्रदेश कांग्रेस संगठन ने आपत्ति जताते हुए स्थगित कर दी है। पिछले दिन अनुशासन समिति बनाकर 5 वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी थी इनका मकसद अनुशासन तोडऩे वालों पर नजर रखना था।
सूत्र बताते है कि प्रदेश संगठन की बिना अनुशंसा के यह नियुक्ति शुरू से ही विवादों में थी। इसकी सूचना प्रदेश संगठन को न दिए जाने के बाद मंगलवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई नियुक्ति को प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने रोक दी है। समिति में कांग्रेस नेता राजेन्द्र जायसवाल,कमलाकार बारस्कर, चंदू गोठी, अजित आर्य और भगवान जावरे को शामिल किया गया था।
सूत्र बताते हैं कि इस समिति को बनाने के बाद कांग्रेस में कई लोगों ने आपत्ति जताई थी और इसकी शिकायत प्रदेश कांग्रेस संगठन को की थी। जिला स्तर पर अनुशासन समिति के गठन पर आपत्ति के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की भी नाराजगी सामने आई है। उनके ही निर्देश पर संगठन महामंत्री डॉ संजय कामले ने यह नियुक्ति रोक दी है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और जिला प्रभारी को भी संबंध में संगठन महामंत्री द्वारा सूचित किया है कि भविष्य में इस तरह की समिति गठन से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष से अनुमोदन आवश्यक है।
सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष की नाराजगी के बाद इस नियुक्ति को रद्द करने के के कई मायने निकाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने नाराजगी जताई थी। इसी वजह मामला राजधानी तक पहुंच गया। उल्लेखनीय की कांग्रेस में ताबड़तोड़ तरीके से नियुक्ति पत्र देने पर भी नाराजगी के स्वर देखे जा रहे है।




