Betul News: घर की बात घर में निपटी, कोई विरोध में सामने नहीं आया
Betul News: Family matters were settled at home, no one came forward in protest

विधायकों की नाराजगी के बाद बोले कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी-सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे
Betul News: कांग्रेस में गुटबाजी का चौली-दामन जैसा साथ है। यह बात कांग्रेस के बड़े और छोटे नेता सिरे से नकार दे, लेकिन इसके कई उदाहरण सामने आने के बाद कहा जा सकता है कि कांग्रेस बैतूल से ही हारते आ रही है। इतिहास गवाह है कि चुनाव के बाद समीक्षा बैठक में जिस तरह से एक-दूसरे पर पराजय का ठिकरा फोड़ा जाता है, यह बात गुटबाजी को साबित करने के लिए काफी कहा जा सकता है।
आसन्न लोकसभा चुनाव के पहले रामू टेकाम को प्रत्याशी बनाने के विरोध के बाद राजनीति गरमाई हुई है। इस पर अभी मरहम लगाने के प्रयास तेज थे कि जिले के पांच पूर्व विधायकों ने जिस तरह कांग्रेस प्रत्याशी का विरोध कर अपने मंसूबे दिखाए इससे कांग्रेस हाईकमान का हलाकान होना लाजिमी था। इस बीच घोषित प्रत्याशी रामू ने इन सारी बातों को को सिरे से निकारते हुए कहा है कि परिवार की बात परिवार में खत्म हो गई।
अब सब मिलकर अच्छे परिणाम को लेकर मैदान में आएंगे। उनकी इस बात में कितनी सच्चाई है, यह मतगणना के दिन स्पष्ट जाएगी कि चुनाव में मनभेद-मतभेद की स्थिति थी या नहीं।
सांझवीर टाईम्स से खास चर्चा करते हुए कांग्रेस से दूसरी बार उम्मीदवार बनाए गए रामू टेकाम ने कहा कि ऐसा कोई घर नहीं है, जहां मामूली कलह नहीं होती। सुबह का भूला यदि शाम को घर आ जाता है तो उसे भूला नहीं कहा जा सकता। इसी तरह घर की बात घर में ही खत्म हो जाती है तो इसे मतभेद या मनभेद नहीं कहते।
उन्होंने माना कि टिकट वितरण पर हर जगह इस तरह के मनमुटाव हो जाते है, लेकिन कांग्रेस एक परिवार की तरह सभी एकजुट होकर हाईकमान द्वारा घोषित प्रत्याशी के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगाएंगे। एक प्रश्र के जवाब में टेकाम ने कहा कि लोकसभा चुनाव वृहद स्तर का होता है, इसमें छोटा से लेकर बड़े कार्यकर्ताओं की समुद्र से बड़ी भूमिका रहती है। वे हर कार्यकर्ताओं को साथ लेकर ही मैदान में उतरेंगे।
कही किसी की नाराजगी सामने आती है तो उसे दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि पहले ही कह चुका हूं कि परिवार में मामूली कलह को परिवार में ही निपटा ले तो इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि कोई भी पूर्व विधायकों ने उनका विरोध नहीं किया है, सभी एकजुट होकर उन्हें जीत दिलाने के लिए कृत संकल्पित है।
मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे (Betul News)
सांझवीर टाईम्स से चर्चा में उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ता पूरे दमखम के साथ सभी एकजुट होकर इस चुनाव में मैदान में उतरेंगे। लोकसभा प्रत्याशी टेकाम ने कहा कि मुद्दों को लेकर इस चुनाव में आम जनता से वोट मांगने जाएंगे और इसके सकारात्मक परिणाम मतगणना के दिन देखने को मिल जाएंगे। टेकाम ने कहा कि मोदी सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल में महंगाई बढ़ी है, किसानों की आय घटी है।
पेट्रोल-डीजल के दाम चुनाव आने के कारण महज 2 रूपए कम कर ढकोसला किया जा रहा है। आम जनता यह बात आसानी से समझती है। यदि सरकार को पेट्रोल, डीजल के दाम कम करना है तो 20 रूपए दाम कम किए जा सकते थे, लेकिन दिखावे के लिए दाम कम किए गए।
सांसद अपने कार्य की उपलब्धि बताए: टेकाम
उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र में सांसद अपने कार्यकाल की उपलब्धि बताए तो अधिक बेहतर होगा। टेकाम ने कहा कि 5 वर्ष के कार्यकाल में सांसद दुर्गादास उईके जिले के प्रमुख चार स्टेशनों पर ट्रेनों का स्टॉपेज तक नहीं करा पाएं। जबकि पड़ोसी जिले खंडवा के सांसद ने कुछ दिनों पहले बुरहानपुर में कई ट्रेनों का स्टापेज दिलाया। उनके कार्यकाल में दर्जनों ट्रेनें खंडवा-बुरहानपुर में रूकी, लेकिन संसदीय क्षेत्र के कुल 6 बड़े स्टेशनों पर यात्रियों को सुविधा नहीं दिलाई गई।
उद्योग के नाम पर सांसद ने कोई प्रयास नहीं किए। आज भी क्षेत्र के युवा रोजगार के लिए दूसरे जिले में जा रहे है। उन्होंने पड़ोसी जिले छिंदवाड़ा का माडल उदाहरण देते हुए बताया कि जिले के कई लोग आज भी छिंदवाड़ा जिले में जाकर रोजगार पा रहे है। इसी वजह बैतूल के सांसद उईके का पांच वर्ष का कार्यकाल उपलब्धि भरा बिल्कुल नहीं कहा जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की योजनाओं का केवल भूमिपूजन कर रहे है।





