Betul Mandi News : कड़ाके की ठंड में देर रात एसडीएम ने टटोली मंडी की नब्ज
मंडी व्यवस्थाओं को परखा, किसानों के लिए खोला जाएगा बन्द पड़ा विश्राम गृह

Betul Mandi News : बैतूल (सांझवीर टाईम्स)। कृषि उपज मंडी में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाओं और किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
दिन में निरीक्षण के साथ-साथ अब रात्रिकालीन औचक निरीक्षणों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में रविवार की कड़ाके की ठंड भरी रात को एसडीएम अभिजीत सिंह अचानक कृषि उपज मंडी पहुंचे और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
एसडीएम के मंडी पहुंचते ही मंडी प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों में हलचल मच गई। बिना पूर्व सूचना किए गए इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पूरे मंडी परिसर का भ्रमण किया और उपज की आवक, तुलाई, हम्माली, नीलामी प्रक्रिया सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

एसडीएम अभिजीत सिंह ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार मंडी में किसानों को दी जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए रात्रिकालीन निरीक्षण किया गया।
किसानों से चर्चा के दौरान यह जानने का प्रयास किया गया कि उपज बेचने के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। किसानों ने तुलाई और नीलामी व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया, जिससे प्रशासन को राहत मिली।
हालांकि निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि ठंड के मौसम में मंडी में रुकने वाले किसानों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेष रूप से रात में ठहरने, ठंड से बचाव और विश्राम से जुड़ी सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। जानकारी मिली कि मंडी परिसर में किसानों के लिए विश्राम गृह तो मौजूद है, लेकिन उसका समुचित लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है।
एसडीएम ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बताया कि जल्द ही पुन: मंडी पहुंचकर विश्राम गृह का निरीक्षण किया जाएगा और आवश्यक सुधार किए जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ठंड के मौसम में किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जाएंगी। प्रशासन की इस सक्रियता से किसानों में सकारात्मक संदेश गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में मंडी की व्यवस्थाएं और अधिक बेहतर होंगी।




