Betul News: स्टेट बैंक के कायदे ताक पर, एटीएम गेट के सामने पक्का निर्माण

सड़क और सुरक्षा पर मंडराया खतरा, क्षेत्रीय पार्षद ने खोला मोर्चा
Betul News: बैतूल। शहर के व्यस्ततम इलाके में स्थित एसबीआई मेन ब्रांच के एटीएम गेट के सामने बैंक प्रबंधन द्वारा नगर पालिका की अनुमति लिए बिना सड़क किनारे सीमेंट-गिट्टी डालकर डामर सड़क तक पक्का निर्माण कर दिया गया है। यह निर्माण न केवल नियमों के विरुद्ध है, बल्कि इससे सड़क की मजबूती और आमजन की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बन रहा है। गणेश वार्ड के पार्षद विजय जसूजा ने इसकी शिकायत नपा सीएमओ से की है।

उनका कहना है कि नियम के मुताबिक बैंक प्रबंधन को निर्माण के पूर्वी नपा इसकी अनुमति लेना था। निर्माण कार्य को इस तरी$के से करवाना चाहिए था कि निर्माण सीएम आदमी को परेशानी ना झेलना पड़े बल्कि नपा की सड़क को भी नुकसान ना हो पाए। कुल मिलाकर बैंक प्रबंधन द्वारा किया गया अवैध और मनमाना निर्माण आने वाले समय मे आम नागरिकों और स्थानीय नागरिकों के लिए मुसीबत बनेगा बल्कि सड़क क्षतिग्रस्त होगी।
सड़क पर जलभराव से होंगे बड़े बड़े गड्ढे
बैंक की बाउंड्रीवाल से लगकर जिस स्थान पर यह निर्माण किया गया है, वह ढलान पर स्थित है। पहले यहां से वर्षा का पानी स्वाभाविक रूप से किनारे की ओर बहकर सीधा निकल जाता था, लेकिन अब पक्का निर्माण होने के कारण पूरा बारिश का पानी सीधे मुख्य डामर सड़क पर बहेगा।
इससे सड़क पर जलभराव, तेज कटाव और गड्ढे बनने की आशंका बढ़ गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, डामर सड़क पर लगातार बहने वाला पानी डामर की परतों को कमजोर कर देता है, जिससे सड़क समय से पहले क्षतिग्रस्त हो जाती है। आने वाले समय में यहां बड़े-बड़े गड्ढे बन सकते हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होगी। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक है, क्योंकि पानी और कंकड़-रेत के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ जाएगी और दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ सकती है।
बिना अनुमति करवा लिया पक्का निर्माण
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह निर्माण न तो नगर पालिका की किसी अनुमति के साथ किया गया है और न ही मौके पर कोई सूचना बोर्ड लगाया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि कार्य किस योजना या स्वीकृति के तहत हो रहा है। यह नगर पालिका के निर्माण एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की खुली अवहेलना है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतने व्यस्त क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर पक्का निर्माण कर दिया गया, लेकिन न तो बैंक प्रबंधन ने सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी दी और न ही नगर पालिका की ओर से अब तक कोई कार्रवाई सामने आई है।
इससे प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि इस पूरे मामले में बैंक प्रबंधन और नगर पालिका दोनों से जवाब तलब किया जाए। अवैध निर्माण को तत्काल हटाया जाए या तरीके से जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क और नागरिकों की सुरक्षा बनी रहे। साथ ही भविष्य में इस तरह की मनमानी पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि कोई भी संस्था सार्वजनिक सड़क और नियमों से खिलवाड़ न कर सके।
इनका कहना….
प्रबन्धन द्वारा बिना अनुमति निर्माण किया गया है, इसकी जानकारी लेकर बैंकि अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा।
बीएल परते, राजस्व निरीक्षक नपा बैतूल




