Betul News: चल समारोह में रहेगा पुलिस का कड़ा पहरा, 400 जवान संभालेंगे मोर्चा

बप्पा की विदाई कल, शहर में सुरक्षा का पहरा, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, जगह-जगह विशाल भंडारे का आयोजन
Betul News: बैतूल। 12 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के साथ होगा। शहर में घरों और सार्वजनिक पंडालों में विराजे भगवान गणेश को गाजे-बाजे और भक्ति भाव के साथ विदाई दी जाएगी। गणेश विसर्जन को लेकर नगरपालिका और पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शहर में चार स्थान चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था के साथ क्रेन और गोताखोरों की व्यवस्था भी रहेगी। वहीं विसर्जन जुलूस और शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 400 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।
शहर के अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले चल समारोह की निगरानी के लिए पुलिस विभाग ने एक दिन पहले रिर्हसल की। स्वयं एसपी वीरेंद्र जैन और एएसपी कमलेश खरपुसे ने मोर्चा संभालते हुए अधीनस्थों को निर्देश दिए।
सबसे अधिक निगरानी अति संवेदनशील लल्ली चौक पर की जा रही है। यहां पर सबसे अधिक पुलिस बल की तैनाती होगी। खुद प्रशासन और पुलिस के अधिकारी चल समारोह की प्रतिमाएं विसर्जन के लिए रवानगी तक डटे रहेंगे।
इधर गणेश उत्सव के अंतिम दिनों में शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। देर रात तक गणेश पंडालों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कई गणेश मंडलों द्वारा भंडारे और प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है।
बुधवार को कॉलेज चौक सहित शहर के कई स्थानों पर देर रात तक भंडारे चलते रहे। गुरुवार को भी विभिन्न गणेश मंडलों द्वारा भंडारे आयोजित किए गए। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं।
चार स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था
नगरपालिका ने गणेश प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए हमलापुर माचना नदी, करबला घाट, दामादैय्यत और फिल्टर प्लांट को चिन्हित किया है। इन सभी स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। रात के समय विसर्जन में परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त लाइटिंग लगाई गई है।
हमलापुर और दामादैय्यत में प्रतिमा विसर्जन के लिए विशेष कुंड तैयार किए गए हैं। यहां क्रेन की मदद से बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों की तैनाती भी रहेगी।
प्रशासन ने गणेश मंडलों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी तरह की परेशानी न हो। नगरपालिका स्वच्छता प्रभारी संतोष धनेलिया ने बताया कि करबला घाट पर पुल निर्माण कार्य चल रहा है। इसके बावजूद यहां भी प्रतिमा विसर्जन के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है।
एसडीएम ने घाटों का लिया जायजा
गणेश प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह सहित नगरपालिका के अधिकारियों ने विभिन्न विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विशेष रूप से रात में होने वाले विसर्जन को देखते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की मौजूदगी, क्रेन की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
400 जवान संभालेंगे सुरक्षा की कमान
अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। शुक्रवार सुबह से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और विसर्जन मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। करीब 400 पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। छिंदवाड़ा से एक बटालियन का अतिरिक्त पुलिस बल भी बैतूल पहुंच गया है।
शहर में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार भ्रमण कर जुलूस मार्ग और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगी। गणेश विसर्जन जुलूस की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भंडारों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
अनंत चतुर्दशी से पहले ही शहर में जगह-जगह भंडारे शुरू हो गए हैं। गुरुवार को नवयुवक नवज्योति गणेश मंडल लोहिया वार्ड सहित कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। कुछ स्थानों पर दोपहर से ही श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
शाम होते-होते भंडारों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। देर रात तक भंडारे और प्रसादी वितरण का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। शुक्रवार को बप्पा की विदाई के साथ गणेश उत्सव का समापन होगा और शहर में निकाले जाने वाले विसर्जन जुलूसों में भक्त बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




