Betul News: आसमान से लेकर जमीन तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Betul News: Tight security arrangements from sky to ground

चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे पुलिस जवान

Betul News: बैतूल। शारदेय नवरात्र पर्व का समापन और दशहरा के चल समारोह से निपटने के लिए पुलिस ने चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की है। इस बार शहर में लगभग 500 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में जिले के थानों से टीआई, सब इंस्पेक्टर सहित अन्य दलों को बैतूल बुलाकर तैनाती की जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि इन क्षेत्रों में पुलिस ने वॉच टॉवर निगरानी के लिए बनाए हैं। ड्रोन भी पूरे समय क्षेत्र की निगरानी करेंगे। शाम से लेकर रविवार अलसुबह तक व्यवस्थाएं माकुल रखने के लिए एसपी वीरेंद्र जैन और एएसपी कमला जोशी खुद व्यवस्था पर नजर रख रही है।

इस बार देवी विसर्जन और चल समारोह के दौरान चौक-चौराहों पर जहां सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है तो वहीं हर हरकत पर पैनी नजर रखे जाने के लिए वॉचिंग टावर बनाए गए हैं। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन के इस्तेमाल पर भी जोर दिया है, जिससे देवी विसर्जन के दौरान निकलने वाले प्रत्येक जुलूसों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे रखेंगे नजर

दशहरे पर्व पर बैतूल पुलिस द्वारा किए जा रहे व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर आरआई दिनेश मर्सकोले ने बताया कि सुरक्षा को लेकर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगभग 350 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। लगभग 100 सुरक्षाकर्मियों को रिजर्व में भी रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बल की सहायता ली जा सकें। आधा बटालियन पुलिस बल अन्य जिलों से बैतूल पहुंचा है। इस तरह से करीब 500 सुरक्षा कर्मियों की मदद दशहरे पर्व के दौरान लिए जाने का निर्णय किया गया है।

जुलूसों में शामिल श्रद्धालुओं और दर्शकदीर्घा में उपस्थित जनसमुदाय को दृष्टिगत रखते हुए ड्रोन कैमरों की भी व्यवस्था की गई है, जिनकी सहायता से प्रत्येक जुलूसों और आस-पास की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में वॉच टावर लगाए गए है, जिन पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि ऊंचाई से किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तत्काल परखा जा सकें और किसी भी घटना के होने से पहले ही उसे रोका जा सकें। इसके अलावा मोबाइल वैनों की व्यवस्था अलग से की गई है, जिनमें पर्याप्त पुलिस बल लगातार शहर के प्रत्येक क्षेत्रों की गश्त कर गतिविधियों पर नजर रखेगा।

भीड़ नियंत्रण के लिए लगेंगे बैरिकेड, आपातकालीन सेवाएं अलर्ट पर

त्यौहारों पर शांति और सद्भाव को लेकर शहर के लोगों ने हमेशा ही अपने आप को साबित किया है, लेकिन बावजूद इसके कहीं भी कोई अप्रिय घटना घटित ना हों, इसके लिए पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए है।

निर्देशों के मुताबिक सभी थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक कदम उठाने के निर्देश दिए गए है। एसडीओपी सुनील लाटा ने बताया कि दशहरे पर्व पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के अलावा बैरिकेड्स की व्यवस्था भी की गई है। आपातकालीन सेवाओं सहित अति आवश्यक सेवाएं अलर्ट पर रखी जाएगी, वहीं सामुदायक सहयोग के जरिए स्थानीय निवासियों से भी पुलिस लगातार संपर्क में रहेगी।

चार स्थानों पर विसर्जन की बनाई व्यवस्था

नगरपालिका ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए चार स्थानों पर व्यवस्था बनाई है। नगरपालिका के अधीक्षक विजय हुद्दार ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए करबला घाट माचना नदी, दामा दैय्यत, फिल्टर प्लांट और हमलापुर सीताकुंड में व्यवस्था बनाई गई है। इन स्थानों पर लाइटिंग लगाई है, ताकि रात के समय भी प्रतिमा विसर्जन हो सके। प्रतिमा विसर्जन के लिए क्रेन की भी व्यवस्था की गई है।

विसर्जन स्थल पर नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारियों के साथ पुलिस बल और गोताखोर भी तैनात रहेंगे। दुर्गा मंडलों को निर्देश दिए हैं कि चिन्हित किए गए स्थानों पर ही प्रतिमा का विसर्जन करें। विजर्सन स्थल का नपा सीएमओ सतीष मटसेनिया सहित अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्था को देखा।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button