Betul Samachar: वन विभाग की अनियमितताओं की सीएम से शिकायत की तैयारी!

घोटाले, लंबित जांच और कथित आपरेटर होंगे निशाने पर?

Betul Samachar: बैतूल। मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बैतूल प्रवास के दौरान शिकवे-शिकायतों का दौर चलने की प्रबल संभावना है। खास तौर पर वन विभाग में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं और लंबित जांचों को लेकर कर्मचारी संगठन मुख्यमंत्री से सीधे शिकायत करने की तैयारी में जुटे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खास बात यह है कि इस पहल में खुद वन विभाग के कर्मचारी संगठन आगे आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि अधिकारियों की कार्यप्रणाली से पीड़ित कई कर्मचारी भी इस शिकायत प्रक्रिया में शामिल होंगे। गौरतलब है कि वन विभाग का प्रभार स्वयं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास है, ऐसे में कर्मचारियों को उम्मीद है कि शिकायतों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई हो सकती है। सूत्रों के अनुसार कर्मचारी संगठन उन सभी विवादित मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेगा, जिनमें अधिकारियों की अनदेखी और निष्क्रियता खुलकर सामने आई है।

कर्मचारियों की समस्याओं के साथ-साथ विभाग में पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटरों की नियुक्ति, विभागाध्यक्ष के निर्देशों के बावजूद ऑपरेटरों को न हटाने, पश्चिम वनमंडल में हुए करीब 2 करोड़ 13 लाख रुपये के कथित घोटाले, नीमपानी नर्सरी में सागौन की अवैध कटाई तथा कई मामलों की जांच को ठंडे बस्ते में डालने जैसे मुद्दे शामिल हैं। नाम न छापने की शर्त पर कुछ कर्मचारियों ने बताया कि कई कर्मचारी अधिकारियों की नाराजगी के चलते विभागीय सुविधाओं से वंचित कर दिए गए हैं। कई मामलों में जांच के निर्देश तो जारी हुए, लेकिन बाद में जांच को लीपापोती कर समाप्त कर दिया गया। कर्मचारी संगठन ने निर्णय लिया है कि इन सभी मामलों की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से की जाएगी। 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री के बैतूल प्रवास के दौरान यह शिकायत उन्हें सौंपी जाएगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button