Betul Ki Khabar : मजदूरी नहीं मिली तो मजदूर गायब,भगवान भरोसे ड्रेनेज

पेटी ठेकेदार तलाशता फिर रहा ठेकेदार, परेशानी कम होने के बजाए और बढ़ी
Betul Ki Khabar : बैतूल। कोठीबाजार क्षेत्र में सीएम इंफ्रा द्वारा किया जा रहा ड्रेनेज निर्माण कार्य इन दिनों बदहाली और अव्यवस्था का प्रतीक बनता जा रहा है।काम शुरू हुए करीब सवा महीने होते आ रहे हैं, लेकिन ठेकेदार 50 मीटर का ड्रेनेज तक पूर्ण नहीं करवा पाया है।
ताजा मामले में मजदूरों को तय समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होने से नाराज श्रमिकों ने काम बीच में ही छोड़ दिया और मौके से गायब हो गए। इसका सीधा असर यह हुआ कि आज सप्ताह के पहले दिन ड्रेनेज का काम ठप्प पड़ गया है, ड्रेनेज के लिए खोदे गये गड्ढे खुले पड़े हुए हैं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, ड्रेनेज कार्य में लगे मजदूरों से पूरे सप्ताह $काम कराया गया।
मजदूरों का कहना है कि रविवार शाम तक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा सका था। पूरे दिन मजदूर मेहनत की रकम लेने बैठे रहे। शाम के समय मजदूरों को भुगतान तो किया , लेकिन वह भी आधा अधूरा। लिहाजा सुबह ठेकेदार के कर्मचारी मजदूरों के आने का रास्ता देखते रहे, लेकिन कोई भी मज़दूर मौके पर नहीं पहुंचा। लिहाजा $काम बन्द करना पड़ा। मजदूरों का कहना है कि मेहनत करने के बाद भी जब समय पर पैसा नहीं मिलता तो परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में काम छोड़ने के अलावा उनके पास कोई विकल्प नहीं बचता। उन्होंने कहा कि दूसरी जगह काम करेंगे तो कम से कम समय पर मजदूरी तो मिलेगी।
अव्यवस्था का शिकार आम नागरिक, पेटी कांट्रेक्टर की तलाश जारी
जानकारी के अनुसार मजदूरों के गायब होते ही निर्माण कार्य अब पूरी तरह ठप पड़ गया है। कई स्थानों पर गहरी नालियां खुदी पड़ी हुई हैं, कहीं पाइप पड़े हैं तो कहीं मिट्टी और मलबा, लोहा, गिट्टी सड़क पर फैली पड़ी हुई है। इससे हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। खुले गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। वहीं स्थानीय रहवासी, राहगीर और वाहन चालक रोजाना जोखिम उठाने को मजबूर हैं। जानकारी मिली है कि अब मुख्य ठेकेदार नए पेटी ठेकेदार की तलाश में भटक रहा है, ताकि किसी तरह काम दोबारा शुरू किया जा सके।
लेकिन सवाल यह उठता है कि जब इसी तरह $काम चलता रहा तो नया पेटी ठेकेदार और मजदूर इस काम को हाथ लगाने से क्यों नहीं हिचकिचाएंगे। यह साफ दर्शाता है कि व्यवस्था में जवाबदेही का घोर अभाव है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका और संबंधित विभाग की निगरानी पूरी तरह ढीली है। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण और समीक्षा नहीं की जा रही है, जिसका खामियाजा अब जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने मांग की है कि लापरवाह ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई हो। यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ड्रेनेज का यह काम लंबे समय तक अधर में लटक सकता है और विकास कार्य इसी तरह भगवान भरोसे चलते रहेंगे।
इनका कहना…..
ड्रेनेज का काम रफ्तार से हो यह ज्यादा जरूरी है, इस संबंध में जानकारी लेकर व्यवस्था बनाए जाने के निर्देश दिए जाएंगे।
नगेन्द्र वागद्रे, इंजीनियर नपा बैतूल




