Betul News: जिले के किसानों के साथ धोखा, बीज के 20 नमूने फेल
Betul News: Fraud with the farmers of the district, 20 samples of seeds failed

दुकान संचालकों को कृषि विभाग ने थमाया नोटिस, कार्रवाई का इंतजार
Betul News: बैतूल। खरीफ सीजन में जिले के किसानों के साथ बड़ा धोखा हुआ है। किसानों को अमानक खाद और बीज थमाया गया, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। लेब में जांच के लिए भेजे गए बीज और खाद के कई नमूने अमानक पाए गए। कृषि विभाग ने दुकान संचालकों को नोटिस थमाएं है। प्रतिवर्ष बोनी के समय किसानों को इन्हीं हालातों से गुजरना पड़ता है, इसके बावजूद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाएं जा रहे है। जब तक सेम्पलों की जांच रिपोर्ट आती तब तक किसानों के साथ धोखा हो जाता है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कृषि विभाग ने खरीफ सीजन की बोवनी के समय जिले के 389 बीज के सेम्पल लिए थे, जिसमें से 20 सेम्पलों की रिपोर्ट अमानक पाई गई। जिन बीज की सेम्पल रिपोर्ट अमानक आई है, कई किसानों ने इन कंपनियों के बीज का उपयोग किया है। जिले से 140 उर्वरक के सेम्पल भेजे गए थे, जिसमें से 105 सेम्पलों की रिपोर्ट आ गई है। खाद के 5 सेम्पल अमानक पाए गए है। बीज-खाद दोनों अमानक बेच कर किसानों को खुलेआम लूटने का काम किया है।
हमेशा देखने में आता है कि कंपनियों द्वारा किसानों को अच्छा खाद बीज होने की कहेकर किसानों को लूटा जाता है। किसान भी ऐसे लोगों के झांसे में आ जाते है। जांच रिपोर्ट आने के बाद साफ अंदाजा लगाया जा सकता है। जिले में घटिया खाद-बीज का धड़ले से उपयोग हो रहा है। अधिकारी इस पर अंकुश नहीं लगा पा रहे है। रबी और खरीफ के सीजन में अक्सर इस तरह के मामले सामने आते है।
दुकान संचालकों को थमाएं नोटिस
खाद-बीज के लमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित दुकान संचालकों को कृषि विभाग की तरफ से नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर संबंधित दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस कार्रवाई में लायंसेंस रद् करने ओर भारी भरकम जुर्माने लगाने का प्रावधान है। दुकान संचालक अपने जवाबदारी से पल्ला झाड़ने लगे है।
दुकान संचालकों का कहना है की खाद-बीज अमानक पाया गया है तो इसकी जवाबदारी संबंधित कंपनी की है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी जिले में कई खाद-बीज के नमूने अमानक पाए गए थे। दुकान संचालकों को नोटिस थमाकर खानापूर्ति कर ली। इसमें कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। किसानों का कहना है कि घटिया खाद-बीज बेचने वालें दूकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
इनका कहना…..
बीज के 20 और खाद के 5 नमूने अमानक पाए गए है। इन दुकान संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रामवीर सिंह राजपूत, एसडीओ, कृषि विभाग बैतूल




