Betul Ki Khabar: बीसी के नाम पर लोगों के लाखों रुपए डकारने वाले ने जन्मदिन के दिन लगाया मौत को गले, पुलिस कर रही है मामले की जांच
Betul Ki Khabar: The person who defrauded people of lakhs of rupees in the name of BC committed suicide on his birthday, police is investigating the case.

Betul Ki Khabar: सारनी। शोभापूर कालोनी निवासी डब्ल्यूसीएल कर्मी ने आज मंगलवार को अपने ही आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही कोल कर्मी व क्षेत्र में बीसी चलाने को लेकर करीब डेढ़ साल से विवादों में चल रहे अनिल खवसे के आत्महत्या की जानकारी लगी। वैसे ही कई लोग निवास पर पहुंचकर जानकारी जुटाने में लग गए हैं। दरअसल अनिल पर लोगों के लाखों रुपए बीसी के नाम पर डूबा लेने के आरोप है। ऐसे ही कई आरोपों की लिखित व मौखिक शिकायत पुलिस थाना सारनी और पाथाखेड़ा चौकी में दर्ज है। जिसकी जांच भी चल रही है।
बताया जा रहा है कि अनिल ने आज सुबह करीब 11 बजे आत्महत्या जैसा कदम उठाया। इसकी जानकारी पाथाखेड़ा पुलिस को दोपहर करीब दो बजे लगी। सूचना मिलते ही डायल 100 स्टाफ और पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी समेत पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
क्या है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल डब्ल्यूसीएल कर्मी था। अपने साथी कर्मियों के अलावा व्यापारियों के साथ बीसी चलाता था। जब भी किसी की बीसी निकलती थी। तब अनिल द्वारा उक्त रुपए ब्याज के नाम पर ले लेता था। ऐसा लोगों का कहना है। बीसी भी एक, दो, नहीं, बल्कि एक दर्जन से ज्यादा थी। कुचबलोगों ने यह भी बताया कि कभी एक तो कभी दो बीसी निकलती थी। जिसमे 12 से 24 लोग तक शामिल रहते थे। कोई बीसी 10 हजार की थी तो कोई 20 और कई बीसी उससे भी ज्यादा राशि की थी। डेढ़ साल पहले बीसी के विवाद में अनिल फंस गया और फंसता ही चला गया। लोगों ने रुपए का दबाव बनाया तो कई बार पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुका। लेकिन त्वरित इलाज मिलने की वजह से बच गया। मंगलवार को जब जन्मदिन था तब फांसी लगाने में सफल रहा। पुलिस फिलहाल इस मामले में जांच कर रही है।
सुसाइड नोट से मचा हड़कंप
अनिल खवसे ने मौत को गले लगाने से पहले सुसाइड नोट लिखा है। जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच में लिया है। इधर जैसे ही रुपए के लेनदेन करने वाले लोगों को सुसाइड नोट मिलने की खबर लगी। वैसे ही उनके पैरों तले मानो ज़मीन खिसक गई। दरअसल अनिल पर कई लोग पैसे का दबाव बना रहे थे। इससे वह काफी परेशान था। अनिल पर पैसे देने का दबाव सबसे ज्यादा पाथाखेड़ा निवासी कपड़ा व्यापारी बना रहा था। बीते दिनों रुपए नहीं देने पर सुसाइड नोट लिखकर एक व्यापारी घर छोड़कर बाहर चला गया था। इस मामले को लेकर भी अनिल परेशान था।
इनका कहना….
अनिल खवसे ने सुसाइड की है। मौत की सही वजह जांच और पीएम रिपोर्ट के बाद पता चलेगी। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है।
वंशज श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी, पाथाखेड़ा।





