Betul Samachar: सड़क बन गई, ब्लॉक लग गए, अब ड्रेनेज का काम शुरू

पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग कराने में नपा की नाकामी उजागर
Betul Samachar: बैतूल। आम जनता की सुविधा और शहर की सूरत बदलने के लिए विधायक हेमन्त खंडेलवाल लगातार प्रयासरत हैं, लेकिन नगर पालिका और बिजली ठेकेदार के बीच लंबित भुगतान को लेकर मची खींचतान विकास कार्यों पर पानी फेरती नजर आ रही है। कोठी बाजार क्षेत्र में तालमेल की कार्यशैली ऐसी है कि पहले व्हाइट टापिंग सड़क तैयार कर दी गई और सड़क के दोनों तरफ पेविंग ब्लॉक भी लगा दिए गए। अब बिना बिजली पोल और ट्रांसफॉर्मर की शिफ्टिंग कराए ड्रेनेज निर्माण का काम भी शुरू करा दिया गया है। हालात यह है कि ड्रेनेज बनने के बाद पोल शिफ्टिंग की गुंजाइश खत्म हो जाएगी, बल्कि आम नागरिकों के लिए यह लापरवाही जी का जंजाल साबित होगी।
सड़क तैयार बीचों-बीच खड़े पोल और ट्रांसफार्मर
जानकारी के अनुसार कोठी बाजार क्षेत्र में लंबे समय से बिजली पोल और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग की कवायद चल रही थी। नपा और बिजली ठेकेदार को इसके बारे में पूर्व से सूचित भी किया गया था, लेकिन दोनों शिफ्टिंग कार्य पूरा कराने में नाकाम रहे। अधिकारियों की उदासीनता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सड़क तैयार होने के बाद भी पोल और ट्रांसफार्मर बीचोंबीच खड़े रह गए, इससे न केवल क्षेत्र का सौंदर्य बिगड़ रहा है बल्कि आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। अब स्थिति यह है कि ड्रेनेज निर्माण शुरू होने के बाद शिफ्टिंग की गुंजाइश और बाधित हो जाएगी। एक ओर ड्रेनेज लाइन के कारण खाली जगह कम पड़ जाएगी, वहीं दूसरी ओर यदि भविष्य में शिफ्टिंग करनी पड़ी तो सड़क और ब्लॉक दोबारा टूटने का खतरा बना रहेगा। इससे फिर से सरकारी धन की बर्बादी तय है।
सड़क हादसों की भी बढ़ेगी आशंका
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नपा और ठेकेदार ने यदि पहले ही समन्वय स्थापित कर लिया होता तो सड़क, ब्लॉक और ड्रेनेज के काम एक साथ योजनाबद्ध तरीके से हो सकते थे, लेकिन उल्टी चाल चलते विभागों ने बिना जरूरी शिफ्टिंग किए ही निर्माण कार्य आगे बढ़ा दिया। लोगों की सबसे बड़ी चिंता यह है कि बीच सड़क में खड़ा बिजली पोल और ट्रांसफार्मर आने वाले दिनों में गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
सड़क संकरी होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में परेशानी होगी और जरा-सी चूक होने पर बड़ा हादसा हो सकता है। बताया यह भी जा रहा है कि बिजली ठेकेदार को पूर्व में किए गए पोल शिफ्टिंग का भुगतान नपा द्वारा नहीं किए जाने से ही यह स्थिति निर्मित हुई है। जनता ने प्रशासन से मांग की है कि ड्रेनेज कार्य पूर्ण होने से पहले बिजली पोल और ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग तत्काल कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना या आर्थिक नुकसान से बचा जा सके। अब देखना यह होगा कि नपा और बिजली विभाग कब जागते हैं और जमीन पर समाधान उतरता भी है या नहीं।
इनका कहना…..
ठेकेदार का कुछ भुगतान लंबित है,एक दो दिनों में भुगतान होते ही शिफ्टिंग कर दी जाएगी।
अमित सक्सेना, विद्युत शाखा प्रभारी नपा, बैतूल




