Politics: राजनीतिक हलचल: बैतूल की राजनीति में कहां दिखा थ्री इडियट्स का क्लाइमेक्स?? किस अधिकारी से माननीय आरपार की लड़ाई के मूड में??? अतिक्रमण न हटने के लिए कौनसा हाइप्रोफाइल विवाह बना चर्चा का केन्द्र???? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम राजनीतिक हलचल में…..

थ्री इडियट्स का क्लाइमेक्स यहां भी
बालीवुड की चर्चित फिल्म थ्री इडियट्स में एक डायलॉग है कि दोस्त फेल हो जाए तो दुख होता है, पर दोस्त हमसे ज्यादा सफल हो जाए तो ज्यादा दुख होगा। ऐसा ही कुछ नजारा एक विपक्षी दल के जिला प्रमुख के साथ हो रहा है। उनके ही पार्टी के एक नए नवेले नेता साथी यह हजम नहीं कर पा रहे हैं कि कैसे जिला प्रमुख को दल प्रमुख ने गले लगा लिया? चर्चा है कि अपने मन को हल्का करने के लिए कहीं भी बतोलेबाज की तरह अपना मुंह चला दिया कि गले पड़ने वाले फोटो एआई जनरेट है। हालांकि यह सच नहीं है पर विपक्षी पार्टी का जो नेचर है। उसमें गले पड़ने वाली बात कानाफूसी की वजह से चर्चा होते हुए धीरे-धीरे चौक चौराहें पर कान लगाकर सुनी जा रही है। चर्चा यह भी है कि कभी साथ में रहने वाले बड़बोलापन ऐसा भारी पड़ता है कि गले मिलने वाले को गले पड़ने और नेच्युरल फोटो को एआई जनरेट बनवा देता है।
माननीय महिला अधिकारी से आरपार की लड़ाई के मूड में
जिले की एक महिला माननीय निर्माण कार्य से जुड़ी एक प्रमुख महिला अधिकारी से बेहद नाराज बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि महिला अधिकारी अपने आप को किसी बड़े नेता का खास समझ रही है, इसलिए माननीय को जरा भी तवज्जों नहीं दे रही है। कहा जा रहा है कि माननीय सही समय का इंतजार कर रही है कि तवा गरम रहे और हथोड़ा चला दिया जाए। महिला अधिकारी का विकेट गिरवाने के लिए माननीय ने अपने खास सिपाहसलाहरों को भी पीछे लगा दिया। चर्चा यह भी है कि जिले की राजनीति का बैलेंस पहले की तरह रहता तो अब तक वह मैडम का विकेट गिरा देती, लेकिन माननीय को अभी मौके का इंतजार करना पड़ रहा है। बताते चले कि यह महिला अधिकारी कुछ बड़े ठेकेदारों से अधिक प्रेम की वजह से नियमों की अनदेखी के लिए जानी जाती है।
विवाह के कारण नहीं हटेगा अतिक्रमण
इस समय खूब चर्चा चल रही है कि सत्तारूढ़ नेता के एक नेता और व्यवसायी के पुत्र का इसी माह में विवाह होने वाला है। चूंकि जिस व्यवसायी के पुत्र का विवाह होने वाला है, उनका आवास शहर की एक चर्चित सड़क पर स्थित है। यहां से पूर्व में भी आधा-अधूरा अतिक्रमण हटाने पर जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर की नाराजगी सामने आ चुकी है, लेकिन अभी यहां अभियान थमा है, इसके पीछे चर्चा है कि एक नेता के करीबी व्यवसायी के पुत्र के विवाह में अतिक्रमण हटाने से व्यवधान आ सकता है। वैवाहिक रस्म में अडं़गा न इसलिए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस चर्चित सड़क से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नवंबर माह के बाद शुरू की जाए।




