Betul News: निकाय चुनाव से पहले विकास का थोक पैकेज 20 कामों के भूमिपूजन की तैयारी

नपा ने की 4 करोड़ के निर्माण कार्यों की सूची तैयार, 8 से 10 नए काम और जोड़ने की तैयारी
Betul News: बैतूल। नगरीय निकाय चुनाव की आहट के बीच बैतूल नगरपालिका ने शहर में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। नगरपालिका परिषद ने अलग-अलग वार्डों में 20 निर्माण कार्यों की सूची तैयार की है। इन कार्यों की कुल अनुमानित लागत 4 करोड़ 4 लाख 29 हजार 305 रुपए है। अब इस सूची में करीब 8 से 10 और काम जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके बाद एक साथ बड़े स्तर पर भूमिपूजन कार्यक्रम कराने की तैयारी है।
नगरपालिका के हालिया निर्माण कार्यादेश/भूमिपूजन कार्यों की सूची में सड़क, नाली, सीसी रोड, पाथ-वे, पेवर ब्लॉक सहित अन्य बुनियादी निर्माण कार्य शामिल किए गए हैं। सूची को देखकर स्पष्ट है कि नगरपालिका ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-बड़े कामों को एक साथ समेटकर भूमिपूजन कराने की रणनीति बनाई है।
इन कार्यों का भूमिपूजन केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद दुर्गादास उइके तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के हाथों कराने की तैयारी की जा रही है।
वार्ड 6 में सबसे बड़ा पैकेज
सूची में सबसे ज्यादा राशि गांधी वार्ड क्रमांक 6 के हिस्से में दिखाई दे रही है। इस वार्ड में अलग-अलग चार कार्यों की कुल लागत करीब 1 करोड़ 90 लाख 38 हजार 999 रुपए है। इनमें नाली निर्माण, सीसी रोड तथा अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। एक काम की लागत ही करीब 1.65 करोड़ रुपए दर्ज है। यही वजह है कि पूरी सूची में वार्ड 6 सबसे अधिक राशि वाला वार्ड बनकर सामने आता है। वार्ड 11 में भी चार अलग-अलग निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इनकी कुल लागत करीब 49 लाख 53 हजार है। यहां नाली, सीसी रोड सहित अन्य बुनियादी काम शामिल किए गए हैं।
किस वार्ड में कितने के काम
नगरपालिका की सूची के अनुसार वार्ड 7 में दो कार्यों की कुल लागत करीब 23.05 लाख रुपए है। वार्ड 13 में करीब 32.26 लाख रुपए का एक निर्माण कार्य प्रस्तावित है। वार्ड 14 में करीब 22.30 लाख रुपए, वार्ड 18 में 13.37 लाख रुपए, वार्ड 19 में 14.50 लाख रुपए, वार्ड 21 में करीब 9.58 लाख रुपए के कार्य शामिल हैं।
इसी तरह वार्ड 27 में करीब 16.60 लाख रुपए, वार्ड 31 में 10.17 लाख रुपए, वार्ड 32 में करीब 20.39 लाख रुपए तथा वार्ड 15 में करीब 2.15 लाख रुपए का काम सूची में दर्ज है। इस तरह वर्तमान सूची में वार्ड 6, 7, 11, 13, 14, 15, 18, 19, 21, 27, 31 और 32 में निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इन सभी को जोड़ने पर करीब 4.04 करोड़ रुपए का निर्माण पैकेज तैयार होता है।
8 से 10 काम और जुड़ेंगे
नगरपालिका की तैयारी यहीं रुकने वाली नहीं है। मौजूदा सूची में 8 से 10 और निर्माण कार्य जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वार्डों से प्राप्त प्रस्तावों और लंबित मांगों को सूची में शामिल किए जाने की संभावना है। नए काम जुड़ने के बाद निर्माण कार्यों की कुल राशि भी बढ़ जाएगी। यानी अभी जो सूची सामने आई है, वह अंतिम सूची नहीं मानी जा रही है। यही वजह है कि जिन वार्डों में फिलहाल कोई बड़ा काम शामिल नहीं हुआ है, वहां के पार्षदों की निगाहें अगली सूची पर टिकी हैं।
पार्षदों की नाराजगी दूर करने की कवायद?
एक साथ इतने निर्माण कार्यों की तैयारी को लेकर नगरपालिका की राजनीति भी चर्चा में है। शहर के कई वार्डों में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कामों की मांग लंबे समय से उठती रही है। कई पार्षद इन कामों को लेकर नगरपालिका में लगातार प्रस्ताव और मांग रखते रहे हैं।
ऐसे में चुनाव से पहले बड़ी संख्या में कार्यों को मंजूरी देकर भूमिपूजन कराने की तैयारी को पार्षदों और उनके समर्थकों की नाराजगी दूर करने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है। खासतौर पर जिन वार्डों में लंबे समय से विकास कार्यों की मांग है, वहां नए काम जुड़ने से स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
हालांकि नगरपालिका की ओर से इन कार्यों को शहर की जरूरत और उपलब्ध प्रस्तावों के आधार पर नियमित विकास प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा सकता है। लेकिन भूमिपूजन का समय, एक साथ तैयार की गई बड़ी सूची और चुनाव से पहले कामों को गति देने की कवायद ने इस पूरी प्रक्रिया को चर्चा में ला दिया है।
भूमिपूजन से पहले बढ़ सकती है सूची
नगरपालिका अब शेष प्रस्तावों को भी सूची में शामिल करने की तैयारी कर रही है। यदि प्रस्तावित 8 से 10 काम जुड़ते हैं तो शहर के और वार्डों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके बाद सभी कार्यों का एक साथ भूमिपूजन कराने की योजना है। फिलहाल 20 कामों पर 4.04 करोड़ रुपए का पैकेज तैयार है। अब नजर इस बात पर है कि अगली सूची में कौन-कौन से वार्ड शामिल होते हैं और चुनाव से पहले नगरपालिका के विकास कार्यों का यह पैकेज कितने करोड़ तक पहुंचता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




