Betul Ki Khabar: कोठी बाजार में बर्बादी का विकास: ड्रेनेज खुदाई से लाखों के पेविंग ब्लॉक खतरे में

Betul Ki Khabar: Development of waste in Kothi Bazaar: Paving blocks worth lakhs in danger due to drainage excavation

दर्जनों घरों के टूटे नल कनेक्शन, खुद के खर्च पर जुड़वाने आम लोगों की मजबूरी

Betul Ki Khabar: बैतूल। शहर के कोठी बाजार क्षेत्र में ड्रेनेज लाइन निर्माण कार्य अव्यवस्थित तरीके से किए जाने के कारण स्थानीय निवासियों में भारी नाराज़गी है। लाखों की लागत से कुछ ही दिनों पूर्व लगाए पेविंग ब्लॉक ड्रेनेज खुदाई के कारण क्षतिग्रस्त होकर बर्बादी की कगार पर पहुंच गए हैं। खुदाई के दौरान लोगों के घरों में लगे नल कनेक्शन तक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई परिवार जल संकट से जुझ रहे हैं।
इस पूरे मामले में आम जनता का कोई दोष ना होने के बावजूद उन्हें अपने खर्च पर कनेक्शन जुड़वाना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगरपालिका ने बिना किसी व्यवस्थित योजना और बिना किसी प्लानिंग के खुदाई शुरू कर दी, इसका बड़ा खामियाजा उन्हें उठाना पड़ रहा है।

चंद दिनों के भीतर बदसूरती में बदली सड़क की खूबसूरती
हाल ही में कोतवाली से लल्ली चौक के बीच व्हाइट टापिंग सड़क का निर्माण कर सड़क के दोनो तरफ पेविंग ब्लाक लगाए हैं। इससे सड़क की खूबसूरती भी बढ़ चुकी है। पिछले चार दिनों से जारी ड्रेनेज निर्माण कार्य के दौरान मशीनों से की गई खुदाई ने सड़क की संरचना और खूबसूरती को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है।

खुदाई के चलते कई स्थानों पर पेविंग ब्लॉक उखड़ गए हैं तो कहीं सड़क गड्ढों में तब्दील होने की कगार पर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब यह ब्लॉक लगाए थे, तब बताया गया था कि इनसे क्षेत्र का सौंदर्य बढ़ेगा और सड़कें मजबूत होंगी और ऐसा हुआ भी ,लेकिन कुछ दिन भी नहीं बीते कि विकास के नाम पर फिर से तोड़फोड़ शुरू हो गई और जनता अपनी कमाई की बर्बादी खुद अपनी आंखों से देख रही है।

कनेक्शनधारियों से ही बुलवाया जा रहा कनेक्शन जोड़ने की सामग्री शहर के विकास में सबसे बड़ी परेशानी दर्जनों घरों के टूटे नल कनेक्शन को लेकर है। खुदाई के दौरान मशीनों ने कई मकानों की पानी की पाइप लाइन तोड़ दी। इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों का आरोप है कि नपा के कर्मचारी क्षतिग्रस्त कनेक्शनों की मरम्मत की कोई जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं हैं। उल्टा उन लोगों से ही कहा जा रहा है कि वे अपने खर्च पर नए कनेक्शन डलवाएं। इससे आमजन को अतिरिक्त आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रत्येक कनेक्शन धारी बकायदा टैक्स जमा करता है। कई घरों में दो-दो दिन तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। लोग हेंडपंपों से पानी भरने पर मजबूर हैं।

विकास कार्य में लापरवाही का आरोप

लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन उसकी आड़ में होने वाली लापरवाही अस्वीकार्य है। उचित निगरानी और मानक प्रक्रिया के बिना किए जा रहे कार्य से जनता परेशान है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि टूटे नल कनेक्शनों की मरम्मत नगर पालिका द्वारा तुरंत कराई जाए और ड्रेनेज निर्माण के बाद क्षतिग्रस्त पेविंग ब्लॉक एवं सड़क की मरम्मत भी शीघ्र की जाए। फिलहाल कोठी बाजार में विकास कार्य से ज्यादा अव्यवस्था और असुविधाओं की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि यह विकास नहीं, बल्कि बर्बादी का विकास है, जिसकी कीमत आम जनता को अपनी जेब से चुकानी पड़ रही है।

इनका कहना….

ड्रेनेज की खुदाई के कारण लगाए गए पेविंग ब्लाक टूट कर निकल रहे हैं, हमारे द्वारा किए गए $काम की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। संबन्धित ठेकेदार को पत्र लिखा जा रहा है।

विकास गौर, सब इंजीनियर लोक निर्माण विभाग, बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button