Betul Samachar: Video: पूर्व विधायक मंगल सिंह का शराब के नशे में हंगामा!

वायरल वीडियो में दो युवकों से कर रहे पिटाई, पीड़ितों ने भी बताई आप बीती
Betul Samachar: बैतूल। घोड़ाडोंगरी के पूर्व भाजपा विधायक एवं जिला पंचायत सदस्य मंगल सिंह धुर्वे पर दो ग्रामीण युवकों ने शराब के नशे में मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पीड़ित कोमल भलावी ने बताया कि वह अपने मित्र अर्जुन वरकड़े के साथ रामपुर से दिवाली मनाकर अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में उनकी बाइक के आगे एक कार चल रही थी। साइड देने के लिए हॉर्न बजाया गया, लेकिन कार नहीं रुकी। कुछ दूरी आगे जाकर अचानक कार रोक दी और उसमें से पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे और रामपुर सरपंच संतोष वाडिवा उतरे और अभद्रता शुरू कर दी।
कोमल के अनुसार पूर्व विधायक मंगल सिंह ने शराब के नशे में गाली-गलौच शुरू कर दी और बिना किसी कारण के उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे अर्जुन वरकड़े की भी पिटाई कर दी गई। हंगामा बढ़ने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों युवकों को छुड़ाया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। कोमल भलावी का कहना है कि पूर्व विधायक बड़े नेता हैं, इसलिए डर के चलते अब तक थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इस घटना को लेकर जब पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबर 8224880439 पर दो बार संपर्क और व्हाट्सएप संदेश भेजे गए, तो कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सोशल मीडिया वायरल हो रहा वीडियो
पूर्व विधायक मंगल सिंह को शालीन और मिलनसार नेता बताया जाता है, लेकिन दो दिनों से जिस तरह से उनका वीडियो वायरल हो रहा है। इसके बाद लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है कि पूर्व विधायक ऐसा भी कर सकते हैं। वायरल हो रहे वीडियो में पूर्व विधायक सरपंच के साथ ग्रामीणों युवकों के साथ अभद्रता करते स्पष्ट नजर आ रहे हैं। चूंकि संबंधित सीधे शराब के नशे में मारपीट का आरोप लगाया है। वीडियो में भी देखा जा रहा है कि पूर्व विधायक और सरपंच किस तरह से अभद्रता कर रहे हैं। पूर्व विधायक के इस कृत्य के बाद भाजपा की छवि को आघात पहुंचने से इंकार नहीं किया जा सकता है।




