Betul News: बरेठा चौक पर पकड़ा गया सुअर तस्करों का गैंग: वन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
Betul News: Gang of pig smugglers caught at Baretha Chowk: Forest department took major action

पिकअप वाहन से हो रहा था जंगली सुअरों का अवैध परिवहन, 3 आरोपी गिरफ्तार
Betul News: शाहपुर| वन विभाग की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सुअरों की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को धर दबोचा। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन से कुल 44 नग सुअर बरामद किए गए, जिनमें 6 जंगली सुअर और 38 देशी सुअर शामिल हैं। क्रूरता पूर्वक परिवहन के कारण इन सूअरों में से कुछ की मृत्यु हो चुकी है जानकारी के मुताबिक, यह वाहन गुजरात से अवैध रूप से सुअरों को लेकर चोपना की ओर जा रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग ने बरेठा चौक पर घेराबंदी कर वाहन को रोका। जांच में जब सुअरों की पहचान की गई तो उनमें 6 जंगली सुअर पाए गए, जिन्हें पकड़कर ले जाना वन्यजीव अधिनियम के तहत अपराध है।
वन विभाग की टीम ने तत्काल वाहन को जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9,51 के तहत मामला दर्ज किया गया । विभागीय सूत्रों का कहना है कि इस मामले में और भी लोगों की संलिप्तता हो सकती है जिसमें एक बड़ा सिंडीकेट सामने आ सकता है, जिसकी जांच जारी है वहीं अपराधियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
जंगली सुअरों के अवैध व्यापार का खुलासा, वन विभाग अलर्ट पर
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में सुअरों के अवैध परिवहन पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि सुअरों की तस्करी का संगठित नेटवर्क हो सकता है।
जंगली सूअरों के अलावा अन्य को सौंपा एनजीओ को
6 जंगली सूअरों को वन विभाग ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया है एवं अन्य सभी सूअरों को मेनका संजय गांधी के एनजीओ पीपल फॉर एनिमल्स को सौंप दिया गया जिन्हें रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है बतादें की जानवरों को खचाखच एक छोटी पिकअप में भरा गया था जो कि कई दिनों से भूखे प्यासे थे एवं उनकी शारीरिक स्थिति गंभीर अवस्था में थी क्योंकि आरोपियों के पास जानवरों को लेकर कोई दस्तावेज नहीं थे इसलिए आरोपियों द्वारा उनके रख रखाव से मना किए जाने की स्थिति में वन विभाग द्वारा सभी जानवर एनजीओ के सुपुर्द कर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया।




