Betul News: पुलिस की बेरहमी का शिकार उदित के परिजन सीबीआई जांच पर अड़े
Betul News: Udit's family, a victim of police brutality, insists on a CBI investigation

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत ने परिजनों से की मुलाकात, सीएम से मिलेंगे
Betul News: भोपाल/ बैतूल। जिले से जुड़े परिवार के भोपाल में निवास करने वाले बहुसंख्यक कुनबी समाज के मेधावी और होनहार बेटे उदित गायकी की पुलिस पिटाई से असमय मौत से हड़कंप मचा हुआ है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के राजनेता उदित के परिजनों से मिलकर उन्हें ढंाएस बंधा रहे हैं। सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक, मुलताई विधायक के साथ मृत उदित के अंत्योदय नगर, बाग दिलकुश स्थित निज आवास पर पहुंचे थे। यहां पर परिजनों की चित्तकार और गमगीन माहौल ने उन्हें भी भावुक कर दिया। इस दौरान उदित के पिता बार-बार प्रदेश अध्यक्ष को कहते रहे कि उनके पुत्र की जिस बेरहमी से पीट कर हत्या हुई, इसकी सीबीआई जांच होना जरूरी है। इससे कम में वे कोई समझौता करने को तैयार नहीं है।
उदित के पिता राजकुमार गायकी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल से कहा कि यदि उनके पुत्र ने कोई गलती की थी तो पुलिसकर्मी 2-4 तमाचे मारकर उन्हें फोन कर देते तो वे खुद मौके पर पहुंच जाते, लेकिन लाठियों से जान निकलते तक मारना, कहां का इंसाफ है? उनकी बातों का प्रदेश अध्यक्ष ने समर्थन करते हुए कहा कि इस तरह की पिटाई करना कायराना और र्दुभाग्यपूर्ण है। उदित के पिता ने प्रदेश अध्यक्ष को उनके पुत्र की पुलिसकर्मी द्वारा की जा रही पिटाई का वीडियो दिखाया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने थाना घेरने के बाद एफआईआर की, लेकिन यह भी आधी अधूरी है। पुलिस अधिकारी आरोपी पुलिसकर्मियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान उदित की माता संगीता गायकी फफक-फफक रोने लगी। इससे पूरा माहौल गमगीन हो गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने उन्हें ढांढस बंधाया।
सीएम से करेंगे मुलाकात
परिजनों से काफी देर तक मुलाकात के बाद उनकी सीबीआई जांच की मांग को लेकर हेमंत ने उन्हें आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही इस बारे में वे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मुलाकात करेंगे। उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना काफी दुर्भाग्य पूर्ण है। दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों से उन्होंने काफी देर तक चर्चा की है। उन्हें न्याय दिलाने में सहयोग दिया जाएगा। इस दौरान उनके साथ मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, बैतूल भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा गायकी, आठनेर मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने समेत स्थानीय भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।




