Betul Samachar : अगस्त में होगा स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए जमीनी सर्वे, तैयारियों के लिए नपा के पास समय अब कम बचा
Betul Samachar: Ground survey for clean survey will be done in August, NAPA has less time left for preparations

Betul Samachar :(बैतूल)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 को लेकर जमीनी स्तर पर सर्वे अगस्त में होना हैं, जिसके लिए नगरपालिका ने मैदानी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। वैसे अप्रेल-मई माह में हर साल सर्वे हो जाता था, लेकिन इस साल सर्वेक्षण के लिए जमीनी सर्वे का कार्य अगस्त माह में होने जा रहा है। जिसके चलते सर्वेक्षण के नतीजे भी साल के अंत में ही आ पाएंगे। सर्वेक्षण के ठीक एक महीने पहले गाइड लाइन में कुछ संशोधन किए गए हैं। जिसके तहत सिंगल यूज प्लॉस्टिक पर प्रतिबंध लगाने को लेकर 150 अंक निधारित किए गए हैं। इसमें प्रतिबंध करने पर 30 अंक और लागू करने व स्पॉट फाइन पर 40 अंक दिए जाएंगे। साथ ही एमआरएफ के विधिवत संचालित होने पर 80 अंक प्राप्त होंगे।
दस्तावेजीकरण होना अनिवार्य किया नहीं तो कटेंगे अंक
स्वच्छ सर्वेेक्षण में दस्तावेजीकरण को अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही निकायों द्वारा स्वच्छतम पोर्टल पर दर्ज की जाने वाली जानकारी पूर्ण व सटीक होना चाहिए। यही जानकारी जमीनी सत्यापन का आधार होगी। सर्वेक्षण के दौरान साक्ष्य दस्तावेज उपलब्ध कराए जाने में अगर निकाय टीम असफल रहती हैं तो संबंधित संकेतकों के अंकों में कटौती की जा सकती है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में अक्टूबर 2022से मार्च 2023की अवधि को भी शामिल किया जा रहा है। साथ ही सरकार ने 31 दिसंबर 2021 को या उससे पूर्व गठित नगरीय निकायों का मूल्यांकन स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के अंतर्गत ही किया जाएगा। 31 दिसंबर 2021 के पश्चात गठित नगरीय निकायों को राज्य सरकार एमओएचयूए को दिए गए औपचारिक अनुरोध के आधार पर शामिल किया जा सकेगा।
कमियां होने से कटेंगे अंक
स्वच्छ सर्वेक्षण की जो गाइड लाइन जारी की गई हैं उसके अनुसार बैतूल शहर में कुछ कमियां भी देखने को मिल रही है। जिसकी वजह से सर्वेक्षण में अंक कट सकते हैं। बताया गया कि नालों का पक्का होना और सौंदर्यीकरण किया जाना सर्वेक्षण में शामिल हैं लेकिन शहर में नालों के ऊपर सौंदर्यीकरण या उन्हें पक्का करने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। साथ ही नालियों पक्की नहीं हैं और गंदगी होने के कारण भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा शहर की कुछ सडक़ें तो दुरस्त कर दी गई है लेकिन अधिकांश सडक़ों पर गड्ढें होने के कारण दिक्कतें है। जिससे भी सर्वेक्षण में अंक कटने की संभावना है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के टूलकिट में अभी तक यह किए गए संसोधन
1. एक घर-घर से कचरा संग्रहण और दूसरा अपशिष्ट का स्त्रोत पर पृथक्करण प्रत्येक को 300 अंक आवंटित किए गए हैं। निकाय यदि 100 प्रतिशत वार्डों में कचरा संग्रहण करती हैं और उस कचरे को 90 प्रतिशत से अधिक वार्डों में पृथक्कीकरण किया जाता है तो 600 अंक पूरे प्राप्त होंगे ।
2. सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के लिए कुल 150 अंकों में से प्रतिबंध लगाने पर 30 अंक, लागू करने एवं स्पॉट फाइन पर 40 अंक व एमआरएफ के विधिवत संचालित होने पर 80 अंक प्राप्त होंगे।
3. जीरो वेस्ट ईवेंटस योजना के तहत साल में चार गविधियां होना जरूरी है। एक सरकारी आयोजन में जीरो वेस्ट ईवेंट, सामाजिक/ धार्मिक आयोजन जीरो वेस्ट, एक सामाजिक अभियान जीरो वेस्ट और एक जीरो वेस्ट पर आधारित जागरूकता अभियान शामिल है।
4. लीगेसी वेस्ट डंपसाइटों का उपचार को संशोधित किया गया है।अर्थात कचरे के निपटान के प्रतिशत के आधार पर अंक प्रदान किए जाएंगे। यानि 25, 50, 75 व100 प्रतिशत पर 100 अंक से 170 अंकों का प्रावधान किया गया है।
इनका कहना..
अगस्त में स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए जमीनी सर्वे होना है। दिल्ली से टीम आना हैं इसलिए सर्वेक्षण को लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है। कोशिश है कि इस बार बेहतर अंक प्राप्त किए जाएं।
अक्षत बुंदेला, सीएमओ नगरपालिका बैतूल।




