Betul News : बस स्टैंड चौराहा धूल के गुबार से सराबोर
Betul News: Bus stand square is covered in dust.

बस यात्रियों में मची अफरातफरी, होटलों और दुकानों में घुसी धूल
Betul News : बैतूल। सोमवार दोपहर कोठीबाजार बस स्टैंड चौराहा धूल के घने गुबार में डूब गया। चौराहे के डामरीकरण से पहले अचानक एयर प्रेशर मशीन से धूल हटाने का काम शुरू किया गया, लेकिन यह प्रक्रिया लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। देखते ही देखते चौराहा धूल के गुबार में समा गया। बसों से आने-जाने वाले यात्री धूल से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। स्थिति ऐसी बन गई कि बस स्टैंड के भीतर और बाहर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।
आनन फानन में शटर बन्द, होटल संचालकों में मची अफरा तफरी
जैसे ही प्रेशर मशीन चालू की गई,उड़ती धूल का असर सड़क के आसपास और होटलों और दुकानों पर भी दिखने लगा। खाने-पीने की सामग्रियों पर धूल जम जाने से होटल संचालकों को आनन-फानन में सामान समेटकर दुकानें बंद करनी पड़ीं। कई दुकानदारों ने शटर गिराकर धूल से बचाव किया। स्थानीय व्यापारियों ने इस कार्यवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन चाहे तो यह काम रात में भी कर सकता था, जब भीड़ कम होती है। दोपहर 12 बजे के समय बस स्टैंड पर सबसे अधिक आवाजाही रहती है और यात्रियों के साथ ग्राहकी का भी समय होता है। ऐसे में दिन के उजाले में धूल उड़ाना आमजन को परेशान करने वाला निर्णय साबित हुआ।
बसों का संचालन प्रभावित, परिसर हुआ खाली
अचानक हुई इस कार्यवाही के चलते बसों का संचालन भी कुछ देर प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चौराहे से गुजरते वाहनचालक आंखों और मुंह पर कपड़ा बांधकर आगे बढ़ते दिखे। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में इस तरह के कार्य रात्रिकालीन समय में किए जाएं, ताकि आम जनता और व्यापारियों को परेशानी न झेलनी पड़े। कुल मिलाकर, विकास कार्यों के बीच लापरवाह व्यवस्था ने सोमवार का दिन बस यात्रियों और व्यापारियों दोनों के लिए मुसीबत भरा बना दिया।




