Kerpani Circle: केरपानी सर्किल में अवैध कटाई पर भड़का ग्रामीणों का आक्रोश

ग्राम सभा में प्रस्ताव लेकर सीसीएफ से शिकायत की तैयारी, वन अमले की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
Kerpani Circle: बैतूल। दक्षिण वन मंडल के केरपानी सर्किल में सागौन के पेड़ों की कथित अवैध कटाई का मामला अब ग्रामीणों के बीच भी आक्रोश का कारण बनता जा रहा है। सप्ताहभर पहले केरपानी सर्किल के कंपार्टमेंट नंबर 1074 में हुई पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों ने अब वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक मामला पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है।
ग्रामपंचायत केरपानी के गांव ठेसका, जामु ढाना, एवं दादू ढाना के ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत में ग्राम सभा बुलाकर कटाई के मामले में प्रस्ताव पारित कराया जाएगा और इसके बाद सीसीएफ को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की शिकायत की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक कंपार्टमेंट 1074 में कटे पेड़ों के ठूंठों पर हैमर लगाने की कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि डिप्टी रेंजर शिवनाथ वाघमारे की मौजूदगी में ठूंठों पर हैमर ठुकवाए गए। ग्रामीणों का कहना है कि कटाई की वास्तविक स्थिति और कार्रवाई की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच होना जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जंगल में पेड़ों की कटाई किन परिस्थितियों में हुई। जो हैमर ठुकवाये गए उनमें कितनी सच्चाई है।
ग्रामीण बोले- लकड़ी लाने पर कार्रवाई, कटाई पर खामोशी क्यों?
ग्रामीणों का आरोप है कि घर मे भोजन पकाने के लिए जंगल से जलाऊ लकड़ी लेकर आने वाले ग्रामीणों को वन अमला पकड़कर तत्काल कार्रवाई करता है, लेकिन रात के समय कथित रूप से सागौन के पेड़ों की कटाई करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि जंगल की सुरक्षा की जिम्मेदारी वन अमले की है तो लगातार हो रही कथित कटाई पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है।
अतिक्रमण को लेकर भी शिकायत की तैयारी
ग्रामीणों के अनुसार केरपानी सर्किल के जंगल क्षेत्र में कई स्थानों पर अतिक्रमण भी दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि कुछ अतिक्रमणकर्ताओं को वन कर्मचारियों का संरक्षण प्राप्त है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लानी चाहिए। ग्राम सभा के प्रस्ताव के माध्यम से कटाई, अतिक्रमण और वन अमले की भूमिका से जुड़े सभी बिंदुओं को सीसीएफ के समक्ष रखा जाएगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




