Politics: राजनीतिक हलचल: कौनसे बड़बोले नेता अपनी पार्टी के प्रदेश प्रमुख से बात की रिकार्डिंग वायरल कर लूट रहे झूठी महफिल?? पेट्रोल पंप पर दबंगई दिखाने वाले मण्डल अध्यक्ष की किसने की जमकर धुनाई??? किस वरिष्ठ नेता ने विधानसभा प्रभारी की नियुक्ति पर जिला प्रमुख को फटकारा????? विस्तार से पढ़िए हमारे चर्चित कॉलम राजनीतिक हलचल में…..
Politics: Political turmoil: Which big-mouthed leader is making a false gathering by making viral the recording of his conversation with the state head of his party?

प्रदेश प्रमुख से बातचीत की रिकार्डिंग वायरल कर लूट रहे महफिल
विपक्ष के एक बड़बोले नेता अक्सर अपने मोबाइल में रिकार्डिंग होने का जमकर फायदा उठाते आ रहे हैं। यह रिकार्डिंग दूसरों को सुनाकर अपनी वजनदारी साबित करने से नहीं चुकते हैं। हालांकि इस नेता की खासियत है कि व्यक्तिगत बातचीत को इस तरह से सार्वजनिक कर विश्वनीयता की धज्जियां उड़ा रहे हैं। ताजा तरीन मामला तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जब इस बड़बोले नेता ने राम मंदिर के पास रहने वाले जमीन के एक कारोबारी और वकील अपने पूर्व साथी को पार्टी के प्रदेश प्रमुख से हुई बातचीत की रिकार्डिंग सुना डाली। चर्चा है कि इस रिकार्डिंग में यह बड़बोले नेता उन्हें सीएम बनने के सपने दिखाकर चापलूसी करते दिख रहे हैं।
परिपक्व प्रदेश प्रमुख भी बड़बोले नेता की मजे लेने के लिए लालबत्ती से नवाजने की बात कर रहे हैं। वैसे इन नेताजी ने जो कुछ भी कहा, इसकी जानकारी उनकी पार्टी के जिला प्रमुख को जरूर देना चाहिए। खैर वकील साहब भी कम कलाकार नहीं थे, उन्होंने भी नेताजी की आदत और मानसिकता को समझते हुए कह पड़े कि बॉस आप चाणक्य हो, सबसे खेल लेते हो। इतना कहते ही बड़बोले नेता ने फिर डिंगे हांकते हुए वकील साहब से कहा कि गुरुवार को राजधानी जाना है। प्रदेश प्रमुख ने उन्हें स्पेशली बुलाया है। हालांकि यह बात वहीं खड़े कुछ लोगों ने सुन ली तो चर्चा का केंद्र बन गई। इसके कई मायने निकल रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष की कुटाई
सत्ता पक्ष के एक मुख्यालय से सटे मंडल अध्यक्ष धुंआधार कुटाई इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी है। पूरा मामला सामने आने के बाद सत्ताधारी पार्टी के वरिष्ठजनों ने इसे दबा दिया है। मामला गुरुवार रात का बताया जा रहा है। चर्चा है कि नशे में टून यह मंडल अध्यक्ष पुराने हाइवे के किनारे पुराने पेट्रोल पंप पर देर रात कार में पहुंचा था। उस समय वह और वरिष्ठ पदाधिकारी का साला नशे में फुल टल्ली थे। इसी दौरान मंडल अध्यक्ष ने पेट्रोल पंप कर्मचारी से बत्तमीजी कर उसे तमाचा रसीद कर दिया। बस इतना होते ही पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने नेताजी की करीब 10 मिनट तक नानस्टापेज कुटाई कर डाली। चर्चा है कि कुटाई के बाद नेताजी और उसके साथी का नशा उतर गया और घर की ओर रवाना हो गए। धुनाई के बाद मामला थाने भी पहुंचा, लेकिन पेट्रोल पंप सत्ताधारी जुड़े परिवार से है, इसलिए मामले में सलाह-सफाई हो गई। सुबह अपनी गलती का एहसास होने पर वरिष्ठ नेताओं की सलाह पर मंडल प्रमुख ने भी माफी मांगकर मामला खत्म किया।
विस प्रभारी पर वरिष्ठ नेता की खुलकर नाराजगी
विपक्षी पार्टी के एक जिला प्रमुख को कुछ दिनों पहले एक बजुर्ग आदिवासी नेता और पूर्व मंत्री ने उनके विधानसभा में प्रभारी को लेकर जमकर नसीहत दे डाली। कहा जा रहा है कि युवा जिला अध्यक्ष को वरिष्ठ नेता ने न सिर्फ नसीहत दी, बल्कि खूब डाट भी लगाई। उन्होंने जिला स्तर से उनके क्षेत्र में नियुक्त विस प्रभारी को दो टूक शब्दों में कह दिया कि यह तो किसी आदिवासी या यादव समाज के वरिष्ठ नेता को जिम्मेदारी देना था, लेकिन डब्बा-चब्बा को प्रभारी बनाया है, वह काफी बड़बोला है।
चर्चा यह भी है कि वरिष्ठ आदिवासी नेता ने जिला अध्यक्ष को पूर्व में युवा नेता को युवा विंग का अध्यक्ष और चुनाव में टिकट दिलाने की भी याद दिलाई। इस पर जिला अध्यक्ष को वरिष्ठ नेता की बातें सिर झुकाकर सुनना पड़ा। वरिष्ठ नेता इस प्रभारी के जमीन के कारोबार और अन्य मामले भी याद कराते हुए पुराने वाक्य भी याद दिला डाले। इस पर जिला प्रमुख ने वरिष्ठ नेता को आश्वास्त किया है कि जरूरी मामले में दखल देकर कुछ किया जाएगा। अब देखना यह है कि वरिष्ठ नेता की सुझाव, सलाह और नाराजगी पर पार्टी के जिला अध्यक्ष कितना खरे उतरते हैं।




