Betul Ki Khabar: सड़क किनारे भारी मात्रा में मिला बायोमेडिकल वेस्ट

स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल, बीमारी फैलने की आशंका से दहशत

Betul Ki Khabar: बैतूल। जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरे में डालने वाला मामला मुलताई क्षेत्र से सामने आया है। नगर से समीपस्थ ग्राम पारड़सिंगा में सड़क किनारे भारी मात्रा में बायोमेडिकल वेस्ट मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खुले में फेंके गए इस मेडिकल कचरे में इस्तेमाल की गई दवाइयों की शीशियां, इंजेक्शन, ग्लव्स और अन्य संक्रमण फैलाने वाला सामान शामिल बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने जब इस खतरनाक कचरे को देखा तो संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका से दहशत में आ गए और तुरंत इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी।

सूचना मिलते ही मुलताई विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। उनके आदेश पर सीएचओ एवं स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का निरीक्षण किया। जांच टीम ने पाया कि बायोमेडिकल वेस्ट को नियमों और सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए खुले में फेंका गया है, जो आमजन के साथ-साथ पशुओं के लिए भी बेहद खतरनाक है।

इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। विभाग अब इस बात की जांच में जुट गया है कि यह मेडिकल वेस्ट आखिर आया कहां से। संदेह जताया जा रहा है कि यह कचरा शासकीय अस्पतालों या स्वास्थ्य संस्थानों को की जाने वाली सप्लाई से जुड़ा हो सकता है।

जांच टीम द्वारा बैच नंबर, पैकिंग सामग्री और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर इसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी जनस्वास्थ्य से इस तरह का खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button