Betul Samachar: जल संरक्षण के क्षेत्र में सभी को काम करने की जरूरत: उइके
Betul Samachar: Everyone needs to work in the field of water conservation: Uike

मां माचना जन्मोत्सव समिति ने आयोजित किया दीपावली मिलन समारोह
Betul Samachar: बैतूल। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मां माचना जन्मोत्सव समिति द्वारा दीपावली मिलन सामारोह का आयोजन माचना घाट विवेकानंद वार्ड में किया गया। आयोजन में समिति से जुड़े लोगों के साथ-साथ सैकड़ों की संख्या में नागरिकगण उपस्थित हुए। इस शुभ अवसर पर केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल एवं जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर समेत नपाध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर एवं उपाध्यक्ष महेश राठौर विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित थे।
समारोह के दौरान कौन बनेगा करोड़पति शो में जिले के नाम रोशन करने वाले बंटी वाड़िवा का पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बाबा माकोड़े द्वारा शाल-श्रीफल देकर सम्मान किया गया।

समारोह को संबोधित करते केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने जल की महत्ता को बताते हुए कहा कि जल के बिना जीवन अधूरा है। जल की उपयोगिता को दृष्टिगत रखते हुए हम सभी का यह कर्तव्य है कि जल संरक्षण के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा एवं बेहतर कार्य किया जा सकें। बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर हमेशा आयोजित होते रहना चाहिए, क्योंकि ऐसे कार्यक्रमों से हमारा आपस मिलना-जुलना तो होता ही है।
एक-दूसरे से वार्तालाप के माध्यम से कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करने का अवसर भी हमें प्राप्त होता है। खंडेलवाल ने अपने स्वागत और सम्मान को लेकर मां माचना समिति का आभार व्यक्त किया। इस शुभ अवसर पर बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कौन बनेगा करोड़पति में शामिल हुए बंटी वाड़िवा को लैपटॉप उपहार स्वरूप देने की घोषणा भी की। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर ने नदियों की सफाई को लेकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि प्रत्येक समिति यदि 100 मीटर नदियों की सफाई किए जाने का संकल्प लें तो नदियां हमेेशा साफ-सुथरी रहेगी।

इस अवसर पर नदियों की साफ-सफाई को लेकर उल्लेखनीय कार्य करने वाले 75 कदम समिति के प्रत्येक सदस्य का शॉल-श्रीफल देकर सम्मान किया गया। समिति के उल्लेखनीय कार्य को दृष्टिगत रखते बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने समिति के सभी सदस्यों के लिए ड्रेस कोड सूट एवं चलित साउंड सिस्टम उपलब्ध कराए जाने की घोषणा कीं।
इसी के साथ नपाध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने एक स्थाई मंच बनवाने का भी आश्वासन समिति को दिया है। कार्यक्रम के अंत में मां माचना जन्मोत्सव समिति के संयोजक आनंद प्रजापति ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नरेश लहरपुरे द्वारा किया गया।
इस मौके पर नपा उपाध्यक्ष महेश राठौर, पार्षद अंजु रानी शर्मा, ममता मालवीय, शीला पिंटू महाले, कैलाश धोटे, पवन यादव, विकास प्रधान, पार्षद पिंटू परिहार, रघुनाथ लोखंडे, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, कोठीबाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैध समेत अतीत पवार, डब्बू तलरेजा, अनिल सोनी, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




