Betul Samachar: पुराने पट्टों का रिनीवल होगा, नए वास्तविकों को भी मिलेगा मौका
Betul News: Old leases will be renewed, new applicants will also get a chance.

कोठीबाजार और गंज का सब्जी बाजार व्यवस्थित करने की तैयारी, विधायक हेमंत ने ली मैराथन बैठक
Betul Samachar: बैतूल। शहर में जरूरतमंद और वास्तविक लोगों को पट्टे नहीं मिलने पर स्थानीय विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नाराजगी जताई है। शिकायत मिलने पर उन्होंने शुक्रवार को बाल मंदिर सभागृह में नपा के अधिकारियों और पार्षदों के साथ बैठक कर मैराथन चर्चा की। इस दौरान निर्णय लिया गया कि जिन लोगों को 600 स्केयर फीट का पट्टा मिला है और 2 हजार तक कब्जा कर रखा है, ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाए।
अवैध पट्टे चिन्हित कर इनका नवीनीकरण किया जाए और जरूरतमंदों को प्राथमिकता से सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि गंज का सब्जी बाजार कांतिशिवा छविगृह के पीछे और कोठीबाजार का सब्जी मार्केट ज्योति टॉकीज के सामने खाली जगह पर शिफ्ट किया जाए। इससे शहर के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण जैसे हालात निर्मित नहीं होंगे। बैठक में दो घंटे तक शहर की अन्य ज्वलंत समस्याओं को अधिकरियों और पार्षदों के साथ मंथन किया।
लंबे समय बाद विधायक हेमंत खंडेलवाल ने नपा के अधिकारियों और पार्षदों के साथ बाल मंदिर सभागृह में शहर के विकास और अन्य मुद्दों पर टॉप टू बॉटम चर्चा की। वैसे बैठक में अधिकांश समय अवैध पट्टे का मुद्दा गूंजते रहा। उन्हें पार्षदों ने भी निर्धारित पट्टे के एवज में कई लोगों द्वारा शासकीय जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर विधायक खंडेलवाल ने नपा के अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जिन लोगों को सरकारी जमीन पर कब्जा रखा है, उन पर सख्ती की जाए। 600 स्केयर फीट जमीन के स्थान पर 2 हजार में कब्जा करने वालों का सर्वे कर चिन्हित करें।
अवैध पट्टे खत्म कर उनका नवीनीकरण किया जाए। देखने में आया है कि बहुत से लोग वर्षों से सरकारी जमीन पर बसे है, लेकिन उन्हें पट्टे नहीं दिए गए। ऐसे जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता से पट्टे दिए जाने के लिए अभियान चलाया जाए। विधायक ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली है कि पट्टों की अवैध खरीद फरोख्त भी हो रही है। इसके लिए भी प्रत्येक वार्ड में सर्वे शुरू करें ताकि पात्र लोगों को आने वाले समय में पट्टों का वितरण किया जाए। इस दौरान उन्हें पार्षदों ने बताया कि कई लोगों को दो से तीन पट्टे दे दिए गए हैं। इस पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते कहा कि ऐसे पट्टा धारकों को चिन्हित कर इसे निरस्त करने की कार्रवाइ करें। साथ ही जिन पट्टेधारियों का निधन हो चुका है, वर्तमान में उनके निकटम परिजनों को नाम के आधार पर वितरित किया जाए।
इन व्यवस्थाओं पर भी अमल के निर्देश
विधायक खंडेलवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फुटपाथों पर दुकाने लगने से शहर की सुंंदरता खत्म होते जा रही है। सबसे अधिक फलों और अन्य दुकानें हटाई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि कोठीबाजार के फल विक्रेताओं और सब्जी विक्रेताओं को ज्योति टाकीज के सामने और गंज के विक्रेताओं को कांतिशिवा के पीछे स्थापित किया जाए। इससे सड़क पर बाजार नहीं लगेगा और 700 से 800 छोटे व्यवसायियों को आसानी से रोजगार मिल जाएगा। इसके अलावा बैठक में स्ट्रीट लाइट का मुद्दा भी उठा। दरअसल वार्डों में स्ट्रीट लाइट के मेंटेनेस न होने से पार्षद नाराज थे।
सबसे पहले यह मुद्दा जाकिर हुसैन वार्ड की पार्षद नंदनी तिवारी ने उठाया। अन्य पार्षदों ने भी उनकी बातों का समर्थन किया। इसके बाद विधायक ने विद्युत शाखा के प्रभारी को निर्देशित किया कि प्रत्येक पोल की नबंरिंग की जाए और एक रजिस्ट्रर मेंटेन करे। बदले गए लाइटों की दिनांक तय की जाए, ताकि समय पर व्यवस्था बनाई जा सके। अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रीट लाइटों के कनेक्शन की लीड लंबी होने के कारण परेशानी आ रही है। इसे सुधारा जा रहा है।
दीपावली के बाद सप्ताह में दो दिन हटेगा अतिक्रमण
बैठक में विधायक को अतिक्रमण के मुद्दें पर भी शिकायत मिली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के बाद राजस्व, नगरपालिका और पुलिस का संयुक्त अमला अतिक्रमण हटाने के लिए सप्ताह में दो दिन कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसमें एक दिन शहर की मुख्य सड़कों पर और दूसरे दिन वार्ड के अंदर बेजा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। विधायक ने कहा कि जिन लोगों ने घरों के सामने रेंप और चबूतरे के अलावा सीढ़ियां बना रखी है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। इन्हें भी हर हाल में हटाने की कार्रवाई की जाए।




