Coldrif Cough Syrup: कोल्ड्रिफ कफ सिरप से तीसरे बच्चे की बिगड़ी हालत, आमला का टिकाबर्री निवासी तीन वर्षीय हर्ष जिंदगी की लड़ रहा जंग
Coldrif Cough Syrup: Condition of third child deteriorates due to Coldrif Cough Syrup, three-year-old Harsh, resident of Tikabari, Amla, is fighting for his life.

Coldrif Cough Syrup: बैतूल। जिले में कोल्ड्रिफ् सीरप से दो बच्चों की मौत के बाद प्रशासन में वैसे ही हड़कम्प मचा हुआ है। अब आमला ब्लॉक के टीकाबर्री निवासी तीन वर्षीय हर्ष पिता गोकुल यादव की हालत भी गंभीर बनी होने की जानकारी सामने आई है ।जानकारी मिली है कि, प्रतिबंधित कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अब नागपुर मेडिकल कॉलेज में वेंटीलेटर पर हर्ष जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
परिजनों के अनुसार, कोल्ड्रिफ सिरप के सेवन के बाद हर्ष ने पेशाब करना बंद कर दिया। जांच में पता चला कि उसकी दोनों किडनियां पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। परिजनों के मुताबिक बच्चे का इलाज परासिया के डॉक्टर अमित ठाकुर के यहां चल रहा था। सिरप पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले बैतूल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया। नागपुर में मोगरे हॉस्पिटैलिटी में हुए ब्लड टेस्ट में किडनी फेल होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे न्यू हेल्थ हॉस्पिटल और फिर बाद में नागपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
परिवार के मुताबिक, इलाज में अब तक चार लाख रुपए से अधिक खर्च हो चुके हैं, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की किडनी 100 प्रतिशत डैमेज हो चुकी है और इलाज पर 8 से 10 लाख रुपये और खर्च हो सकते हैं। हर्ष के चाचा श्याम यदुवंशी ने डॉक्टर अमित ठाकुर और दवा कंपनी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इसी कोल्ड्रिफ कफ सिरप से आमला ब्लॉक में दो अन्य बच्चों की पहले ही मौत हो चुकी है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।




