Betul Ki Khabar: चूहों की मौजूदगी के बाद सतर्क अस्पताल प्रबंधन, कार्यवाही में जुटा
Betul Ki Khabar: Hospital management alert after presence of rats, busy in taking action

संभावित ठिकानों पर कराया जा रहा दवाइयों का छिड़काव
Betul Ki Khabar: बैतूल। जिला अस्पताल में चूहों की मौजूदगी की जानकारी सामने आने के बाद प्रबंधन ने त्वरित सतर्कता दिखाते हुए कार्यवाही शुरू कर दी है। हाल ही में इंदौर के एमवाय अस्पताल में चूहों की हरकतों से हुई गंभीर घटना में दो नवजातों कि मौत हो चुकी है। जिला अस्पताल में भी चूहों की मौजूदगी को लेकर घटना सामने आई, इसके बाद बैतूल जिला अस्पताल प्रशासन ने संभावित खतरे को भांपते हुए अस्पताल परिसर के भीतर चूहों के ठिकानों की पहचान कर दवाइयों का छिड़काव शुरू कर दिया है। यह पूरी कवायद सांझवीर टाईम्स के गतांक में जिला अस्पताल में चूहों की आमद संबंधित समाचार के बाद शुरू की गई है।
सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे ने बताया कि अस्पताल में सबसे पहले वार्डों, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र और रसोईघर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा पेस्ट कंट्रोल की मदद से चूहों के बिलों और संभावित ठिकानों पर दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। उनका कहना है कि मरीजों की सुरक्षा प्रबन्धन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए चूहों के प्रकोप को किसी भी हालत में फैलने नहीं दिया जाएगा। सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में रोजाना सफाई व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। सफाई ठेकेदार से संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय की गई है।
अस्पताल परिसर में कचरे के ढेर और भोजन की खुली उपलब्धता को रोकने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि चूहों को पनपने का अवसर न मिले। इसके साथ ही स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों को भी सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा गया है की ऐसी किसी भी गतिविधि के सामने आने पर तत्काल कर्मचारियो को सूचित किया जाए ताकी सभी के सामूहिक प्रयासों से परिसर को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके। हालिया घटना ने प्रबन्धन को सतर्क कर दिया है और अब लगातार निगरानी व नियंत्रण की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।




