Betul News: धार्मिक और पर्यटक स्थल से जुड़ेगा बैतूल, होगी हवाई सेवा की शुरूआत
Betul News: Betul will be connected to religious and tourist places, air service will be started

अन्य स्थानों पर जाने के लिए सफर होगा आसान
Betul News: बैतूल। सतपुड़ा की वादियों में बसा बैतूल अब प्रदेश के बड़े धार्मिक और पर्यटक स्थलों से हवाई मार्ग द्वारा जुड़ने की ओर कदम बढ़ा रहा है। प्रदेश सरकार ने इसकी कवायद तेज कर दी है। बैतूल जिले में पहले से ही कई धार्मिक स्थल और पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। अब यहां हवाई सेवा की सुविधा मिलने से इन स्थलों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।
बीते दिनों मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 54 शहरों को धार्मिक व पर्यटक स्थलों से जोड़ने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इनमें बैतूल का नाम भी शामिल है। प्रस्ताव पारित होने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बैतूल से भी पर्यटक स्थलों और धार्मिक धामों के लिए हवाई सेवा की शुरुआत होगी। इसका सीधा लाभ जिले के श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को मिलेगा।
बैतूल के प्रमुख धार्मिक व पर्यटक स्थल
बैतूल में धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से कई महत्वपूर्ण स्थल हैं। इनमें मुलताई स्थित ताप्ती उद्गम स्थल, भारत का पांचवां धाम बालाजीपुरम, सालबर्डी क्षेत्र की शिव गुफा और धारूल अम्बा माई मंदिर, मुक्तागिरी, सारनी का बाबा मठारदेव मंदिर, छावल का रेणुका माता मंदिर प्रमुख हैं। पर्यटक स्थलों की बात करें तो कुकरू खामला और सतपुड़ा की प्राकृतिक वादियां मुख्य आकर्षण हैं। इन स्थलों पर प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। हवाई सेवा शुरू होने पर इन स्थलों तक देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा।
तीन सेक्टरों में बंटे धार्मिक स्थल
मध्यप्रदेश शासन ने धार्मिक और पर्यटक स्थलों को तीन सेक्टरों में विभाजित किया है। अलग-अलग समय में अलग-अलग सेक्टरों पर हवाई सेवा शुरू की जाएगी। कैबिनेट बैठक में बैतूल को दूसरे सेक्टर में शामिल किया गया है। पहले सेक्टर का काम पूरा होने के बाद दूसरे सेक्टर में हवाई सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा। दूसरे सेक्टर में भोपाल, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, ग्वालियर, बैतूल और जबलपुर जैसे शहर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सेवा संचालन की जिम्मेदारी निजी ऑपरेटरों को दी जाएगी। शुरुआती चरण में 6 सीटर वाले हेलीकॉप्टर चलाए जाएंगे, जिससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सुविधा मिल सकेगी।
जिलेवासियों को होगा फायदा
बैतूल के लोगों के लिए यह योजना बड़ी राहत साबित होगी। अब तक यहां के श्रद्धालुओं को बड़े धार्मिक स्थलों या पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए लंबा सफर सड़क मार्ग से तय करना पड़ता था। वहीं दूसरे शहरों से आने वाले पर्यटकों को भी समय और साधनों की परेशानी का सामना करना पड़ता था। हवाई सेवा शुरू होने के बाद न केवल समय की बचत होगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। सरकार का मानना है कि हवाई सेवा से न केवल धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। होटल, परिवहन और अन्य सेवाओं में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बैतूल जिले के लिए यह सुविधा पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।




