Betul News: नाली निर्माण ने बिगाड़ी विकास की तस्वीर: लाखों के पेविंग ब्लॉक उखाड़े, तीन वार्डों की राह बनी मुसीबत

एप्रोच रोड अधूरी छोड़ ठेकेदार गायब, बारिश में कीचड़ और जलभराव का खतरा
Betul News: बैतूल। शहर में विकास कार्यों के बीच विभागीय समन्वय की कमी और निर्माण एजेंसियों की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है। कोतवाली से लल्ली चौक तक हाल ही में बनाई गई व्हाइट टॉपिंग सड़क के किनारे लगाए गए लाखों रुपये मूल्य के पेविंग ब्लॉक नाली निर्माण की भेंट चढ़ गए हैं।
नपा द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार ने तीन वार्डों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण एप्रोच रोड को उखाड़ दिया, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद उसे पूर्व स्थिति में बहाल करने की जहमत नहीं उठाई।
जानकारी के अनुसार बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की पहल पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कोतवाली से लल्ली चौक तक आधुनिक तकनीक से व्हाइट टॉपिंग सड़क का निर्माण कराया था ताकि स्थानीय नागरिकों को लम्बे समय तक इसका लाभ मिल सके। सड़क की सुंदरता और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोपाल से विशेष पेविंग ब्लॉक मंगवाकर लगाए गए थे।
इन ब्लॉकों के माध्यम से तिलक वार्ड, आजाद वार्ड, कृष्णपुरा और टिकारी क्षेत्र को जोड़ने वाली एप्रोच सड़कों को व्यवस्थित बनाया गया था। लेकिन हद तो तब हो गई जब ठेकेदार ने खुद स्थानीय विधायक के मंसूबो को भी कुचलने में जरा भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
नाली बनी, लेकिन रास्ता उजड़ गया
नाली निर्माण शुरू होते ही ठेकेदार ने कई स्थानों से पेविंग ब्लॉक उखाड़ दिए। नाली का एक हिस्सा पूरा होने के बाद केवल नाली के ऊपर सीमेंट कंक्रीट डालकर काम समाप्त मान लिया गया, जबकि उखाड़ी गई एप्रोच रोड को पुनर्निर्मित नहीं किया गया। इससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उखाड़े गए पेविंग ब्लॉक भी मौके से गायब हैं, जिससे उनकी सुरक्षा और उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बारिश के बीच हजारों नागरिकों की बढ़ी चिंता
यह मार्ग तीन वार्डों के हजारों नागरिकों के लिए बाजार और मुख्य सड़क तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। बारिश का मौसम सिर पर है और अधूरी छोड़ी गई एप्रोच रोड जल्द ही कीचड़ और जलभराव का कारण बन सकती है। नागरिकों का कहना है कि एक ओर जनता के टैक्स से बने लाखों रुपये के पेविंग ब्लॉक बर्बाद कर दिए गए, वहीं दूसरी ओर उनकी सुविधा भी छीन ली गई।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण करने वाले ठेकेदार से नुकसान की भरपाई कराई जाए तथा एप्रोच रोड और पेविंग ब्लॉक तत्काल पुर्नस्थापित किए जाएं, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इनका कहना…..
मेरी जानकारी में नाली निर्माण का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। एप्रोच रोड और पेविंग ब्लाक पुन: लगाए जाने के लिए नपा को पत्र लिखा जाएगा।
प्रति पटेल, ईई पीडब्ल्यूडी, बैतूल
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




