Betul Loksabha Chunav : लोस चुनाव में 5 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की जरूरत
पुलिस विभाग ने बनाया चार्ट, परिवहन विभाग के अनुसार मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए लगेंगे 1134 वाहन

Betul Loksabha Chunav : बैतूल। लोकसभा चुनावों के लिए आदर्श आचार संहिता लागू होते ही आयोग की मंशा अनुसार प्रशासन भी एक्शन मोड में आ चुका है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में तमाम व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि चुनाव पूर्ण शांति और बिना किसी व्यवधान के सम्पन्न हो सके। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती परिवहन के साधनों की है , इससे निपटने की तैयारियों को भी गम्भीरता से लिया जा रहा है। लोकसभा चुनावों में जिले में करीब 5 हजार सुरक्षाबलों की जरूरत है। इसके लिए एसपी निश्चल झारिया के नेतृत्व में पुलिस विभाग ने यह भी तैयारियां शुरू कर दी है। परिवहन विभाग ने भी वाहनों की व्यवस्था के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
5 हजार सुरक्षा कर्मी रहेंगे तैनात
चुनावो को लेकर जिले के 10 ब्लाकों में आने वाले 1581 बूथों और अन्य व्यवस्थाओं के चलते पुलिस प्रशासन ने करीब 5 हजार सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का लक्ष्य तय कर रखा है। इनमे पुलिस अधिकारियों से लेकर तमाम पुलिस कर्मचारियों को शामिल किया जा रहा है। जो मुख्यालय सहित ब्लॉक स्तर और पोलिंग स्टेशनों पर तैनात रहेंगे। एएसपी कमला जोशी के मुताबिक जिले में पुलिस बल, होमगार्ड के अलावा वन विभाग सहित कुछ अन्य विभागों के कर्मचारियों की सेवाएं लेने के लिए विभाग प्रमुखों से पत्राचार किया जा रहा है। चुनाव की तारीख करीब आने पर सुरक्षा बलों की संख्या में इजाफा किया जाएगा। बाहर से बल बुलवाए जाने की डिमांड की जा रही है। जिसमें एएसएफ बटालियन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों और कम्पनियों के जवान शामिल रहेंगे । इस तरह से पूरे जिले में लगभग 5 हजार सुरक्षाबलों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।
1 हजार से अधिक वाहनों का होगा अधिग्रहण
आदर्श आचार संहिता के अस्तित्व में आने के तत्काल बाद निर्वाचन सम्बन्धी व्यवस्थाओं को गम्भीरता से लिए जाने के कलेक्टर के निर्देश के बाद परिवहन विभाग भी सक्रिय हो चुका है। जानकारी के मुताबिक लोकसभा निर्वाचन में 1 हजार से अधिक वाहनों के उपयोग का लक्ष्य रखा गया है। जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के मुताबिक वाहनों के अधिग्रहण को लेकर जो सूची तैयार की गई है। उसके मुताबिक निर्वाचन में करीब 11 34 वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। निर्वाचन के लिए लगभग 500 बसों का अधिग्रहण किया जाना है। इसके अलावा 517 जीप, 30 ट्रक, 08 कार, तथा 24 ट्रेक्टर और पिकअप वाहन अलग से अधिग्रहित किये जायेंगे। इस तरह कुल 1029 वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। लेकिन जरूरत पड़ने पर वाहन अधिग्रहण की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
74 पोलिंग स्टेशनों पर वायरलेस से होगा जानकारियों का आदान प्रदान
लोकसभा निर्वाचन को लेकर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जिले में कुल 1581 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, इनमें से 74 पोलिंग स्टेशन ऐसे चिन्हित किए गए हैं जहां पर जानकारियों के आदान प्रदान के लिए दूरसंचार आदि व्यवस्थाओं की काफी कमी है। इसके लिए वायरलेस सिस्टम सक्रिय करने पर विचार किया जा रहा है। साथ ही मोबाइल कंपनियों से पत्राचार भी किया जा रहा है, ताकि फ्रिक्वेंसी बढ़ने पर निर्वाचन में लगे कर्मचारियों को सूचनाओं की अदायगी करने में दिक्कत ना हो। साथ ही मतदान के बाद समय पर डाटा निर्वाचन कार्यालय के मुख्यालय को दिया जा सके।
इनका कहना….
सुरक्षा की दृष्टि से चुनाव मे लगभग 5 हजार सुरक्षा बलों की आवश्यकता सुनिश्चित की गई है। अन्य विभागों से भी पत्राचार किया जा रहा है।
कमला जोशी, एएसपी बैतूल
निर्वाचन के लिए वाहनों के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लगभग 1 हजार से लेकर 1150 वाहनों के अधिग्रहण का लक्ष्य रखा गया है।
अनुराग शुक्ला, जिला परिवहन अधिकारी, बैतूल




