Betul Samachar: मरीज के साथ मारपीट मामले में धरने पर बैठे लोग
Betul News: People sit on dharna in case of assault on a patient

बोले- पहले बीएमओ को हटाओ, जांच टीम बैरंग लौटी
Betul Samachar: बैतूल/मुलताई। प्रभातपट्टन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ जितेंद्र अत्रे द्वारा एक मरीज के परिजन से की गई मारपीट के मामले में नया मोड़ आ गया है। कलेक्टर के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ मनोज हुरमाड़े द्वारा बनाई गई तीन सदस्यीय टीम जांच करने पट्टन पहुंची तो मारपीट का शिकार हुए प्रदीप पाटील और उनके साथ कई लोग धरने पर बैठ गए। उनकी मांग थी कि पहले बीएमओ को पद से हटाया जाए, वे जांच प्रभावित कर सकते हैं।
इसके बाद जांच टीम के बैरंग लौटने की खबर है। बताया जाता है कि मारपीट का शिकार हुए प्रदीप पाटील के अलावा हरीश शिवहरे, प्रणव पटेल, गौतम उबनारे समेत कई लोग शनिवार को जांच टीम के डॉ राजेश परिहार, डॉ संजय खातरकर, डॉ संगम मांडवी के समक्ष धरने पर बैठ गए। उनका आरोप था कि पहले बीएमओ को पद से हटाया जाए। बीएमओ जांच प्रभावित कर सकते हैं। विरोध के कारण जांच टीम जांच शुरू नहीं कर पाई। बताया जाता है कि सीएमएचओ को मामले की जानकारी देगी।
इस बीच पीड़ित भी शनिवार सामने आया है। मारपीट का शिकार हुए प्रदीप ने बताया कि उसके घर में पिता, बच्चे के अलावा पत्नी की तबीयत खराब थी। वह अपनी पत्नी और बच्चे को लेकर पट्टन अस्पताल लेकर इलाज के लिए गया था, लेकिन इलाज नहीं मिला।
उसके बच्चे को वरूड़ रेफर किया जा रहा था, तब उसने सीढ़ी से नीचे उतर रहे बीएमओ डॉ अत्रे से आग्रह पूर्वक अपने बच्चे का इलाज करने का अनुरोध किया, लेकिन बीएमओ ने भड़कते हुए उनके साथ मारपीट की। यह मामला सांझवीर की खबर के बाद कलेक्टर के संज्ञान में आया, तब उन्होंने सीएमएचओ डॉ हुरमाड़े को जांच के निर्देश दिए।




