Betul Samachar: भीमपुर ब्लाक की 54 पंचायतों में सरकारी योजनाएं वेंटिलेटर पर!
Betul News: Government schemes on ventilator in 54 panchayats of Bhimpur block!

झापल ग्राम पंचायत के पंच- सरपंच ने सचिव रोशन यादव को हटाने खोला मोर्चा
Betul Samachar: बैतूल। आदिवासी अंचल भीमपुर में इन दिनों सचिव संघ के ब्लाक अध्यक्ष रोशन यादव की कार्यशैली को लेकर ग्राम पंचायतों में असंतोष गहराता जा रहा है। झापल ग्राम पंचायत के सरपंच और 15 पंचों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर सचिव के खिलाफ गंभीर शिकायतें दर्ज कराईं। ग्रामीणों और भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा यादव के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि सचिव रोशन यादव पंचायत कार्यों में रुचि नहीं लेते, नियमित रूप से कार्यालय नहीं आते और शासन की योजनाओं के प्रति पूरी तरह उदासीन रवैया अपनाते हैं। आरोप है कि वे केवल व्यक्तिगत हित के कार्यों पर ध्यान केंद्रित करते हैं, इसके चलते ग्राम विकास कार्य उपेक्षित पड़े हैं। हालात यह हैं कि स्थानीय नेतागिरी के चक्कर मे सत्ता और प्रशासन कि मिलिभगत से ब्लाक की 54 ग्राम पंचायतों में सरकारी योजनाएं वेंटिलेटर पर नजर आ चुकी हैं। यही वजह है कि ग्राम पंचायत पात्री और झापल के सरपंचों और पंचों ने मोर्चा खोल दिया है।
एक साल पहले लिया गया प्रस्ताव ठंडे बस्ते में क्यों?
दरअसल विवादित सचिव रोशन यादव के पास ग्राम पंचायत झापल और पातरी दोनो का प्रभार है।लगातार ग्रामीणों की उपेक्षा के चलते जनपद सदस्य सहित सरपंच और पंचों नें रोशन यादव हटाओ अभियान शुरू कर अब आरपार की लड़ाई शुरू कर दी है। भीमपुर जनपद की सामान्य सभा की बैठक 28 अगस्त 2024 मे प्रस्ताव लिया गया था, की सचिव रोशन यादव से समस्त ग्रामीणजन परेशान है ,समय पर पंचायत नहीं आना और शासन की योजना से आम आदमी को कोई लाभ नहीं दिलवाना सचिव अपनी नियति बना चुका है, आरोप है कि सचिव रोशन यादव केवल अपने फायदे के लिए ग्राम पंचायत आते है, साथ ही ग्रामीणों की समस्या को हमेशा दरकिनार किया जाता है। जनपद सदस्यों द्वारा इन्हें तत्काल हटाने की मांग की गईं थी पर आज पूरा एक साल हो गया इनको नहीं हटाया नहीं गया ग्रामीणों मे साथ ही जनपद सदस्य भी लगातार उपेक्षित हो रहे हैं। क्योंकि ग्रामीण सरकारी योजनाओं से उपेक्षित हो रहे हैं।
ग्रामीण एवं पंचायत मंत्री से भी की गई थी शिकायत
गुस्साए सरपंच और ग्रामीणों का कहना है कि,विगत दिनों जिले में आयोजित नदी पूजन कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के ग्रामीण एवं पंचायत मंत्री झापल पहुंचे थे। उस समय भी सरपंच व ग्रामीणों ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर सचिव की कार्यशैली से अवगत कराया था। हालांकि, अब तक उस पर किसी प्रकार की कार्यवाही नहीं हुई। बताया जा रहा है कि विवादित सचिव रोशन यादव को सचिव संघ के अध्यक्ष और भीमपुर सीईओ का सीधा संरक्षण प्राप्त है। जिनकी शह पर वीत्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सचिव की मनमानी के कारण पंचायत की बैठकें तक आयोजित नहीं की जातीं, और ग्राम स्तर पर विकास कार्य लगातार प्रभावित हो रहे हैं। यदि सचिव को तत्काल बाहर का रास्ता नहीं दिखाया जाता है तो, इसका सीधा नुकसान आने वाले समय मे भाजपा जनप्रतिनिधियों को उठाना पड़ सकता है।
सचिव संघ में पद मिलते ही बदली कार्यप्रणाली
सचिव रोशन यादव की कार्यप्रणाली से रूष्ट झापल पंचायत के सरपंच और पंचों का दल हाल ही में भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान से भी मिला। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि सचिव बनने के बाद से रोशन यादव पंचायत पदाधिकारियों की अनदेखी करते हैं, और किसी की राय को महत्व नहीं देते। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सचिव संघ अध्यक्ष का पद मिलने के बाद वे और अधिक मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं और उन्हें भीमपुर सीईओ का संरक्षण प्राप्त है। पंचायत सचिव की अनुपस्थिति, मनमानी और उदासीनता के कारण शासन की योजनाएं जमीनी स्तर पर क्रियान्वित नहीं हो पा रहीं। इधर ग्रामीणों ने कलेक्टर से भी इस संबंध में मुलाकात की है।उनकी मांग की है कि झापल पंचायत से सचिव रोशन यादव को तत्काल हटाकर नए सचिव की नियुक्ति की जाए, ताकि पंचायत की बैठकों का संचालन नियमित हो और विकास कार्य गति पकड़ सकें। लगातार शिकायतों और विरोध के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की इस मांग पर कब तक और क्या कदम उठाता है। फिलहाल, झापल ग्राम पंचायत में सचिव के खिलाफ माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है।
इनका कहना….
पंचायत सचिव द्वारा पंचायत के कामों में मनमानी से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विधायक, कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ से सचिव को हटाने की मांग की है। यदि कार्यवाही नहीं कि जाती है तो आंदोलन पर मजबूर होना पड़ेगा।
गुड्डू धुर्वे सरपंच ग्राम पंचायत झापल



