Betul News : राष्ट्रपति-पीएम तक लगाई गुहार, न्याय न मिलने नेताओं की सोशल मीडिया का सहारा

कॉलोनाइजरों, अतिकर्मकारियों से परेशान युवक, न्याय की आस में महीनों से भटक रहा
Betul News : बैतूल। बेतहाशा जमीनों पर कब्जा जमाकर बैठने वाले कालोनाइजरों से लोग इतने परेशान हो चुके हैं कि, दबाव के चलते कार्यवाही तक सम्भव नहीं हो पा रही है। हालात यह हैं कि अब शोशल मीडिया पर नेताओं के पोष्ट पर भी न्याय की गुहार लगाई जा रही है। मामला है न्यू इंदिरा चंद्रशेखर वार्ड, हर्ष किराना स्टोर के पास इटारसी रोड का यहाँ रहने वाले गिरिधारी कवड़कर पिता काशीनाथ कवड़कर बीते आठ वर्षों से अवैध कब्जाधारियों और कॉलोनाइजरों की मनमानी से परेशान हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके घर के आसपास लगातार अवैध निर्माण, अतिक्रमण और ड्रेनेज मार्ग में बाधा पैदा की जा रही है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी तक दी गई थी। लेकिन न्याय नहीं मिल पाया।
पूर्व मंत्री की पोस्ट पर लगाई न्याय की गुहार
पीड़ितों के दर्द और हताशा का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, न्याय हासिल करने के लिए हर सम्भव कोशिश की जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के आगमन को लेकर जब पूर्व मंत्री एवं पूर्व कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे ने फेसबुक पर पोष्ट डाली तो पीड़ित ने इसी पोष्ट पर न्याय की गुहार लगाई है।
गिरिधारी कवड़कर का आरोप है कि उन्होंने समय-समय पर नगर पालिका बैतूल, थाना कोतवाली, कलेक्टर बैतूल, तहसीलदार बैतूल, सीएम हेल्पलाइन 181, नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय भोपाल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक को शिकायत सौपी, लेकिन इसके बावजूद स्थायी निराकरण आज तक नहीं हो सका। समाधान न मिलने पर उन्होंने प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रपति कार्यालय, गृह मंत्री कार्यालय एवं मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायतें भेजीं लेकिन कार्यवाही शून्य ही रही। केवल मुख्य सचिव कार्यालय ने संबंधित विभागों को जांच व कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। इसके बावजूद नगर पालिका बैतूल और तहसील कार्यालय बैतूल की ओर से आज तक कोई स्थायी समाधान सामने नहीं आ सका है।
मानसिक रूप से परेशान हो चुके पीड़ित
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कार्रवाई न होने से अवैध कब्जाधारी और अतिक्रमणकारी बेखौफ हो गए हैं और उनके घर के आसपास प्रतिदिन जानबूझकर गंदगी फैलाते हैं। इससे उनके वृद्ध माता-पिता मानसिक रूप से परेशान हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि दोबारा जानबूझकर असंवैधानिक गतिविधि करते हुए गंदगी फैलाकर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। इसकी फोटो-वीडियो प्रमाण सहित शिकायत ई-मेल के माध्यम से पुन: संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।
स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता से निराश होकर अब शिकायतकर्ता नेताओं की सोशल मीडिया पोस्ट पर भी न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति नियंत्रण से बाहर हो सकती है। उन्होंने शासन-प्रशासन से परिवार की सुरक्षा और क्षेत्र को अतिक्रमण एवं असंवैधानिक गतिविधियों से मुक्त कराने की मांग की है।




