Betul News: वीडियो: पेट्रोल पम्प सिगरेट पीने का मना किया तो चाचा-भतीजे पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार, भतीजे खव हालत गम्भीर, नागपुर में हुआ ऑपरेशन, बैतूल में अपराध चरम पर
Betul News: Video: Uncle and nephew were stabbed to death when they were refused to smoke cigarettes at the petrol pump, nephew is in critical condition, operation was done in Nagpur, crime is at its peak in Betul

Betul News: बैतूल। जिला मुख्यालय पर अपराधिक घटनाएं दिन ब दिन बढ़ते ही जा रही है। बदमाशों को पुलिस का जरा भी भय नहीं है। गुरुवार की रात को गंज थाना क्षेत्र के कालापाठा में पेट्रोल पंप पर बाइक सवार युवकों को सिगरेट पीने से मना किया तो पेट्रोल पंप संचालक और उनके भतीजे पर बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाचा भतीजे को गंभीर हालत में उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती किया है। भतीजे की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर कर दिया है। शुक्रवार सुबह चाकू लगने से गंभीर हुए भतीजे का नागपुर के निजी अस्पताल में आपरेशन किया गया। यहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात लगभग 11 बजे कालापाठा काली चट्टान के पास स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक तीन युवक आए और वह सिगरेट पीने लगे। पेट्रोल पंप संचालक निशांत तिवारी ने बाइक सवार युवकों को पंप पर सिगरेट पीने से मना किया तो उन्होंने गालियां देने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। चाचा के साथ मारपीट होते देख भतीजा पूर्वांश उर्फ हनी तिवारी चाचा को बचाने लगा तभी बाइक सवार बदमाशों ने चाचा-भजीते दोनों पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। हनी की हालत गंभीर होने पर उसे नागपुर रेफर कर दिया है। चाकूबाजी की यह वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान
गंज पुलिस के मुताबिक चाकूबाजी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईहै। फुटेज के आधार पर चाकू से हमला करने वाले बदमाशों की पहचान हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले एक आरोपी का नाम शिव साहू और अन्य नाबालिग बताए जा रहे हैं। इन आरोपियों में कुछ युवक पुराने बदमाश बताए जा रहे हैं। इन पर थाने में पूर्व के मामले भी दर्ज है। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए रात में ही कई जगह दबिश दी, लेकिन आरोपियों को पकड़ने में सफलता नहीं मिली।
अपराधों का गढ़ बनता जा रहा ग्रीनसिटी
अपराधिक घटनाओं के मामले में ग्रीनसिटी का नाम अब खूब चर्चाओं में चल रहा है। गंज क्षेत्र में हुई कई अपराधिक घटनाओं में ग्रीन सिटी में रहने वाले बदमाशों के नाम अधिकतर सामने आ रहे हैं। कुछ बदमाश नाबालिक होने के कारण वे अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद भी छूट जाते हैं। पूर्व की कई घटनाओं को देखा जाए तो ग्रीन सिटी में निवास करने वाले बदमाश सबसे ज्यादा शामिल हैं। कुल मिलाकर इन दिनों ग्रीन सिटी अपराधों का गढ़ बनते जा रहा है। पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने पर नाकाम साबित हो रही है।
इनका कहना…
शिव साहू सहित अन्य तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
अरविंद कुमरे, टीआई, गंज थाना बैतूल