Betul Samachar: तीन करोड़ की चोरी के सोने की तफ्तीश करने पहुंची परतवाड़ा की क्राइम ब्रांच !
Betul News: Paratwada Crime Branch reached to investigate the theft of gold worth Rs. 3 crores!

बैतूल के सराफा व्यवसायी से पूछताछ के बाद बैरंग लौटी, चर्चा का बाजार गर्म
Betul Samachar: बैतूल। पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के अमरावती जिले की परवाड़ा क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार को तीन करोड़ से अधिक की सोने की खरीदी की तफ्तीश करने बैतूल पहुंची। टीम के बैतूल पहुंचने के बाद सराफा बाजार में हडक़ंप मच गया। स्थानीय पुलिस की मदद से महाराष्ट्र की क्राइम ब्रांच ने कोठीबाजार स्थित एक सराफा बाजार व्यवसायी का नाम सामने आने के बाद उससे पूछताछ की है। हालांकि शाम तक इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। दरअसल तीन करोड़ से अधिक के चोरी किए गए सोने को स्थानीय सराफा व्यवसायी द्वारा खरीदने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन देर रात तक यह मामला 55 ग्राम सोने पर पहुंच गया।
सूत्र बताते हैं कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के अमरावती जिले की परतवाड़ा की टीम मंगलवार को बैतूल पहुंची थी। वाहन से करीब आधा दर्जन अधिकारी-कर्मचारी के बैतूल पहुंचने के बाद हडक़ंप मच गया। यह खबर आग की तरह बैतूल में फैली तो बैतूल पुलिस तक फोन घनघनाने लगे। पहले तो पुलिस ने पूरे मामले में जानकारी नहीं होने की बात कहकर पल्ला झाडऩे का प्रयास किया, लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम कोठीबाजार स्थित सराफा व्यवसायी अर्पण के यहां पहुंची थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने भी अमरावती क्राइम ब्रांच की टीम के बैतूल पहुंचने की पुष्टि कर दी।
चोरी का तीन करोड़ का सोना खरीदा
जानकारी सूत्रों के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम ने पिछले दिनों करोड़ों के सोने के हेरफेर में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार लोगों ने बैतूल के सराफा व्यवसायी अर्पण को यह सोना बेचने की जानकारी दी थी। इसके बाद मंगलवार क्राइम ब्रांच की टीम बैतूल आकर संबंधित व्यवसायी से पूछताछ करते रही। इसके लिए स्थानीय पुलिस की मदद ली गई। देर शाम तक पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने क्या कार्रवाई की? इसका जवाब न तो महाराष्ट्र की क्राइम ब्रांच और बैतूल पुलिस स्पष्ट रूप से दे पा रही है।
चर्चाओं का बाजार गर्म
एक अन्य जानकार सूत्रों की माने तो तीन करोड़ से अधिक के चोरी का सोना खरीदने के मामले में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। दरअसल यह मामला काफी हाईप्रोफाइल माना जा रहा था। इसकी जानकारी कुछ दलालों को भी लगी तो उन्होंने मध्यस्थता कर वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से निपटा दिया। अगले दिन बुधवार तीन करोड़ का सोना महज 55 ग्राम पर सिमट कर रह गया। सूत्र यह भी बताते है कि कोठीबाजार क्षेत्र के ही कुछ दलालों ने मामले में मध्यस्थता कराकर इसे कमजोर कर दिया और इसके बाद महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच के टीम की बैरंग लौटने की चर्चा जोरों पर है।
इनका कहना…..
अमरावती की परतवाड़ा क्राइम ब्रांच की टीम बैतूल में सराफा व्यवसायी के यहां पूछताछ करने आई थी। 55 ग्राम चोरी किए गए सोना खरीदने की पड़ताल के बाद क्राइम ब्रांच सराफा व्यवसायी से पूछताछ के बाद बैरंग लौट गई।
सुनील लाटा
एसडीओपी बैतूल।




