Betul Samachar: खबर का असर: एक रात में बनी 150 मीटर सड़क, व्हाइट टापिंग निर्माण में आई तेजी

ईई ने किया निरीक्षण, फुटपाथ निर्माण पर भी विचार
Betul Samachar: बैतूल। कोठीबाजार क्षेत्र में सवा तीन करोड़ रुपए की लागत से बन रही व्हाइट टापिंग सड़क के निर्माण कार्य में अब तेजी देखने को मिल रही है। सांझवीर टाईम्स ने गत दिनों निर्माण में हो रही देरी और मॉनिटरिंग की कमी को लेकर प्रकाशित खबर के बाद विभाग हरकत में आया है।
खबर का त्वरित असर यह हुआ कि कोतवाली से लल्ली चौक तक सड़क की दूसरी लेन का काम रातोंरात शुरू कर दिया गया। शुक्रवार रात भर चले कार्य में करीब 150 मीटर सड़क का निर्माण कर लिया गया, जो पहली बार एक ही रात में इतनी लंबाई में हुआ है। इधर पीडब्ल्यूडी की ईई प्रीति पटेल ने भी सड़क का निरीक्षण कर $काम और सड़क की गुणवत्ता का जायजा लिया है।
चार दिन में पूरी होगी दूसरी लेन
ठेकेदार कपिल शर्मा ने दावा किया है कि अगले चार दिनों में लल्ली चौक तक दूसरी लेन का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसे अगले 25 दिन तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि गुणवत्ता पर असर न पड़े। वहीं पहली लेन पर दोपहिया वाहनों के लिए ट्रैफिक शुरू करने पर विचार किया जा रहा है, जिससे यातायात में राहत मिले। गौरतलब है कि इस हिस्से में एक लेन बनाने के बाद काम रोक दिया गया था। कोतवाली से लल्ली चौक के बीच सड़क का बेस बह जाने के चलते बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके थे। महज 500 मीटर की दूरी तय करने में ही लोगों को पसीना आ रहा था, लेकिन अब सड़क का काम तेजी से शुरू होने के बाद आम नागरिकों ने भी राहत की सांस ली है।
ईई ने किया निरीक्षण, फुटपाथ बनाने पर विचार
शनिवार दोपहर 12 बजे पीडब्ल्यूडी की ईई प्रीति पटेल ने भी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता को परखा और ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सड़क की ऊंचाई ज्यादा होने से वाहनों के सड़क से उतरकर क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
ठेकेदार कपिल शर्मा ने बताया कि करीब साढ़े नौ इंच ऊंचाई वाली इस सड़क के किनारे अब फुटपाथ या ब्लॉक लगाने पर भी विचार चल रहा है ताकि वाहन सीधे सड़क से नीचे न उतरे और दुर्घटनाओं की आशंका न रहे। ठेकेदार का कहना है कि इसके लिए अधिकारियों से बातचीत जारी है और जल्द ही योजना को अमल में लाया जा सकता है।




