Accident News: बैतूल-इंदौर हाईवे पर कालीसिंध नदी में कार गिरी, 2 की मौत
Accident News: Car falls into Kalisindh river on Betul-Indore highway, 2 dead

दो लोगों को ग्रामीणों ने बचाया, सीट बेल्ट के चलते बाहर नहीं निकल पाए
Accident News: देवास (एजेंसी)। बैतूल-इंदौर नेशनल हाईवे पर कालीसिंध नदी पर बनी पुलिया से एक अर्टिगा कार नदी में गिर गई। हादसे में कार सवार चार में से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो को ग्रामीणों ने गाड़ी के ग्लास तोड़कर बचा लिया। एक की हालत गंभीर है।
हादसा रविवार सुबह 11 बजे हुआ। चेन्नई से इंदौर की ओर जा रही कार पुरानी संकरी पुलिया पर पहुंची। सामने से आ रहे ट्रक को देखकर ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और कार सीधे नदी में जा गिरी। यह पुलिया करीब 100 साल पुरानी है, जिसकी रेलिंग टूट चुकी। यहां पिछले 2 महीने में यह चौथा हादसा है।
बाहर नहीं निकल सके और डूब गए
ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर रेस्क्यू किया। बताया गया कि कार में चार लोग सवार थे। आगे बैठे दो लोगों ने सीट बेल्ट लगाई थी, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। पीछे बैठे दो लोगों को कांच तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
कार सवार सभी लोगों की उम्र 40 से 44 के बीच
मृतकों की पहचान ओपी (40) निवासी अमृतसर और आनंद राज (40), निवासी इंदौर के रूप में हुई है। जबकि इलैयाराजा (40), निवासी जयपुर और उच्चतेवन (44), निवासी चंडीगढ़ घायल हैं, जिन्हें बागली के आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिया पर पहले भी हो चुके हादसे, कोई सुधार नहीं
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया पर न तो रेलिंग है और न ही संकेतक। प्रशासन को कई बार शिकायत की जा चुकी है। हर बार हादसे के बाद ग्रामीण ही बचाव करते हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हुआ है। एसआई राकेश नरवरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजन को सूचना भी दे दी गई है।




