Betul News: कोठीबाजार में बदली तस्वीर: व्हाइट टॉपिंग सड़क और नई व्यवस्था से मिली राहत

आम नागरिकों के काम आ रही विधायक हेमन्त खण्डेलवाल की दूरदर्शी सोच
Betul News: बैतूल। कोठीबाजार क्षेत्र में गुरुवार और रविवार को लगने वाला विशाल सब्जी बाजार अब सुव्यवस्थित नजर आने लगा है। कभी आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी, अव्यवस्था और ट्रैफिक जाम के लिए बदनाम यह बाजार अब लोगों के लिए राहत मिल गई है। इस बदलाव के पीछे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमन्त खंडेलवाल की पहल और दूरदर्शी सोच को प्रमुख कारण माना जा रहा है। सड़क का बार बार क्षतिग्रस्त होने और अव्यवस्थित बाजार आम नागरिको के लिए किसी खतरे और परेशानी से कम नहीं था। अब जो भी नागरिक बाजार में आता है व्यवस्था की सराहना करने से अपने आप को रोक नहीं पाता है।
अतिक्रमण से होती थी परेशानी
सड़क बनने के पहले हालात यह थे कि बाजार में सड़क के दोनों ओर करीब 600 से 700 दुकानों के लगने से पूरी सड़क संकरी हो जाती थी। दुकानदार आधी सड़क तक कब्जा कर लेते थे, जिससे वाहनों की आवाजाही बुरी तरह बाधित होती थी। नतीजतन, बाजार आने वाले नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। घंटों जाम में फंसे रहना आम बात थी और ट्रैफिक पुलिस को दिनभर मशक्कत करनी पड़ती थी।बाजार में घूमने वाले आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी लोगों के लिए खतरा बनी रहती थी।
विधायक खंडेलवाल की सोच ने बदल दी तस्वीर
स्थिति को सुधारने के लिए विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने काफी सोच विचार और स्थानीय नागरिकों से चर्चा के बाद पहल करते हुए सड़क का निर्माण आधुनिक तकनीक ‘व्हाइट टॉपिंगÓ से कराया और सड़क की चौड़ाई बढाकर दोनो तरफ फुटपाथ बनवाये। इस कार्य के पूर्ण होने के बाद अब बाजार की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है।
चौड़ी और मजबूत सड़क ने न केवल यातायात को सुगम बनाया, बल्कि दुकानदारों और ग्राहकों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव दुकानदारों के व्यवहार में देखने को मिला है। पहले जहां दुकानें सड़क तक फैली रहती थीं, वहीं अब दुकानदारों ने स्वयं जागरूकता दिखाते हुए अपनी दुकानें फुटपाथ के पीछे लगानी शुरू कर दी हैं।
यातायात पुलिस कर्मियों को भी मिली राहत
बाजार में अब हालात यह हैं कि बाजार के दिनों में भी ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता है। ट्रैफिक पुलिस को अब केवल निगरानी करते देखा जाता है, जबकि पहले उन्हें व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार दिन भर सक्रिय रहना पड़ता था। आम नागरिकों ने भी इस बदलाव को सराहा है और बाजार में खरीदारी करना अब पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी समस्या का इतने कम समय में समाधान होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। विधायक हेमन्त खण्डेलवाल की इस पहल ने यह साबित कर दिया है कि सही योजना और जनसहयोग से किसी भी जटिल समस्या का समाधान संभव है। कोठीबाजार का यह बदलाव अब शहर में एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




