Betul Samachar: आनलाइन मतदान से युकां के चुनाव में चहल-पहल गायब

Betul News: The excitement in the Yuva Congress elections vanished due to online voting

जिला अध्यक्ष के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में, 50 रुपए शुल्क लेकर बनाए जा रहे हैं सदस्य

Betul Samachar: बैतूल। जिले में युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद को लेकर चुनावी प्रक्रिया भले ही शुरू हो चुकी है, लेकिन कहीं कोई हलचल जैसे नजारें नहीं दिखाई दे रहे हैं। इस चुनाव में चूंकि आनलाइन सदस्य बनने वाले मतदाता ही मतदान कर सकेंगे, इसलिए न प्रचार, न पोस्टर, न ही कोई सार्वजनिक बैठक जैसी स्थिति दिख रही है।

जानकारी यह भी मिली है कि 50 रुपए शुल्क देकर यूथ कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले सदस्य एक लिंक के जरिए अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट कर रहे हैं। यह ऑन लाइन मतदान प्रक्रिया 20 जून से जारी है और 19 जुलाई को मतदान की अंतिम तिथि है। जिले में युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष के कितने दावेदार है, जब इसकी जानकारी ली गई तो पता चला कि तीन से चार दावेदारों ने इस पद के लिए दावेदारी की है, लेकिन जिस तरह से गोपनीयता बरती जा रही है उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि, कहीं इस चुनाव में भी गुटबाजी हावी तो नहीं हो रही। क्या अंदर ही अंदर अपने गुट के प्रत्याशी को मजबूत बनाने के प्रयास तो नहीं हो रहे?

आमला, घोड़ाडोंगरी, और बैतूल से तीन दावेदारों के नाम आए सामने

जिले में युवा कांग्रेस के चुनावों को लेकर जब पड़ताल की गई तो विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली कि जिले से तीन से चार युवा नेता जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं, जिन्होंने ऑन लाइन नामांकन कर अपनी दावेदारी पेश की है। इनमे आमला क्षेत्र के प्रकाश कोकाटे को प्रमुख दावेदारों में गिना जा रहा है। इसी तरह घोड़ाडोंगरी से संजय यादव और बैतूल शहर से राहुल पारधे का नाम प्रमुखता से सामने आया है। जानकारी मिली है कि इनमें से जिस उम्मीदवार को सबसे अधिक सदस्य ऑन लाइन वोटिंग के जरिए अपना समर्थन देंगे, उसे युवक कांग्रेस में आगामी जिला अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा।

कार्यकर्ताओं को ही जानकारी नहीं, वरिष्ठों की सलाह दरकिनार

चुनाव की प्रक्रिया इतनी अंदरूनी तरीके से चल रही है कि अधिकांश वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और मीडिया तक को इसकी जानकारी नहीं है। नतीजतन पार्टी के भीतर ही चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। पार्टी के कई पुराने कार्यकर्ता भी इस प्रक्रिया को लेकर असंतोष जता रहे हैं और पारदर्शिता की कमी पर सवाल उठा रहे हैं।

उनका कहना है कि संगठनात्मक चुनाव लोकतंत्र की नींव होते हैं, ऐसे में प्रक्रिया खुली और सभी की जानकारी में होनी चाहिए, न कि चुपचाप। अब देखना यह होगा कि गुपुचुप तरीके से कराये जा रहे चुनाव का परिणाम किड़के पक्ष में जाएगा। हालांकि तय कार्यक्रम के मुताबिक 19 जुलाई तक सदस्यता और ऑन लाइन वोटिंग कराया जाना है और परिणाम नवम्बर माह में घोषित किया जाना है। देखना वाली बात यह होगी कि परिणाम सामने आने के बाद संगठन में नया जोश आता है या यह प्रक्रिया भी सवालों के घेरे और गुटबाजी में घिरी नजर आती है।

एप और वेबसाइट के जरिए हो रही वोटिंग

दरअसल यह चुनाव यूथ कांग्रेस इलेक्शन अथार्टी के मोबाइल एप और वेबसाइट के माध्यम से हो रहे हैं। 18 से 35 साल के बीच की आयु के युवा 50 रुपए सदस्यता शुल्क का ऑनलाइन पेमेंट करके अपनी पसंद के उम्मीदवारों को वोट दे सकते हैं। एप या वेबसाइट पर वोटर को अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होता है। ओटीपी डालने के बाद अपना नाम, पता, फोटो, वोटर आईडी/आधार कार्ड अपलोड करने के बाद डिजिटल आईडी जनरेट होगी। सदस्य बनने के बाद उसी पोर्टल/एप से वोट डालना होता है।

हालांकि सदस्य को सिर्फ एक बार ही वोट डालने का मौका दिया जा रहा है, जो तुरंत एप में सब्मिट हो जाता है। इस तरह से पूरी प्रक्रिया के चलते आने वाले समय मे युवक कांग्रेस जा जिला अध्यक्ष चुना जाएगा, लेकिन चुनावी हलचल नहीं होने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि यहां भी गुटबाजी का बड़ा खेल अंदर ही अन्दर खेला जा रहा हो।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button