Betul News: जिले से 200 भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलेगी नई जिम्मेदारी

एडजस्टमेंट महाभियान के तहत जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं के नाम मांगे, इस माह के अंत तक मिलेंगे पद
Betul News: बैतूल। मध्य प्रदेश में सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू किए गए ‘कार्यकर्ता एडजस्टमेंटÓ महाभियान ने अब जिलास्तर पर गति पकड़ ली है। इसी क्रम में बैतूल जिले में भी भाजपा संगठन इस अभियान को लेकर सक्रिय हो गया है। जिला भाजपा अध्यक्ष सुधाकर पवार के अनुसार, प्रदेश संगठन से मिले निर्देशों के बाद स्थानीय स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर प्रदेश संगठन को भेजी जाएगी।
इस अभियान के तहत बैतूल जिले के सक्रिय और निष्ठावान भाजपा कार्यकर्ताओं को विभिन्न सरकारी विभागों के अंतर्गत संचालित समितियों और बोर्डों में स्थान दिया जाएगा। संगठन के इस कदम को कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे शासन-प्रशासन के कार्यों में सीधे भागीदारी निभा सकेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में लगभग 31 विभागों के अंतर्गत 70 से अधिक प्रकार की समितियों का गठन किया जाएगा।
इन समितियों में करीब 150 से 200 कार्यकर्ताओं को समायोजित करने की योजना है। इसके लिए जिले में कोर ग्रुप की बैठकों का दौर जारी है, जहां योग्य और सक्रिय कार्यकर्ताओं के नामों पर मंथन किया जा रहा है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि यदि उद्यानिकी विभाग जेल विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, जिला शहरी विभाग, तकनीकी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, ऊर्जा, व्यापार एवं उद्योग, स्टांप एवं पंजीयन, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, आदिम जाति, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, उच्च शिक्षा विभाग, खनिज, वन, खेल, आयुश, पीएचई, पुलिस, ग्रामीण निकाय, नगरीय निकाय, उपभोक्ता संरक्षण आदि विभागों में एक से लेकर 28 सदस्यों तक की नियुक्ति की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री करेंगे पूरी निगरानी
सूत्र बताते हैं कि इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जा रही है, जबकि संबंधित जिलों में प्रभारी मंत्रियों को नियुक्तियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य स्तर पर यदि इस योजना का आकलन किया जाए तो प्रदेश के 55 जिलों में लगभग 10,500 से अधिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न समितियों में स्थान मिलने की संभावना है। इसमें जिलास्तर, ब्लॉक स्तर और ग्राम पंचायत स्तर की समितियां शामिल हैं, जिससे भाजपा का जमीनी संगठन और अधिक मजबूत होगा।
बैतूल जिले में भी पार्टी के जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने में जुटे हुए हैं। माना जा रहा है कि इस पहल से न केवल संगठनात्मक मजबूती आएगी, बल्कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित होगा।जिला भाजपा अध्यक्ष सुधाकर पवार ने कहा कि संगठन के निर्देशानुसार कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अभियान पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के उत्साह और मनोबल को नई ऊंचाई देगा।
कार्यकर्ताओं के नामों पर तेजी से मंथन
जिले में इस समय पांचों सीट पर भाजपा के विधायक है। इसी वजह जमीन से जुड़े कार्यकताओं नाम तलाशना इतने आसान नहीं है। संगठन पूरे प्रदेश से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देना तय कर चुका है। ऐसे में जिले से भी 200 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलना तय है। भाजपा से जुड़े सूत्र बताते हैं कि कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के लिए भाजपा का कोर ग्रुप नाम तलाश रहा है।
सरकारी समितियों और बोर्डों के जरिए स्थानीय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जवाबदारी देने के लिए 70 से अधिक समितियां बनाई जा रही है। समिति में जिले के प्रभारी मंत्री मुखिया होंगे। उनकी देखरेख में ही 200 नेताओं को पावरफुल बनाने की कवायद की जा रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी कह चुके हैं कि जो जहां काबिल, उसे वहां पर जगह दी जाएगी। चूंकि बैतूल उनका गृह जिला है, इसलिए नामों को लेकर जमकर पेंच चल रहा है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें
👇https://chat.whatsapp.com/KWRuTRhIWoXDiwhdwiCm29?mode=gi_t
बैतूल जिले की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending और Viral खबरों के लिए जुड़े रहे snewstimes.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें snewstimes.com




