Betul Samachar: व्हाइट टॉपिंग सड़क निर्माण: सुविधा कम, सिरदर्द ज्यादा
Betul News: White topping road construction: less facilities, more headaches

सड़क बंद, यातायात बाधित, मूक दर्शक बनीं मशीनें
Betul Samachar: बैतूल। कोठीबाजार क्षेत्र में नागरिकों की सुविधा के लिए बनाई जा रही व्हाइट टॉपिंग सड़क फिलहाल आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। निर्माण कार्य की धीमी गति, अव्यवस्थित योजना और मनमर्जी से किए जा रहे कार्यों के चलते सड़क सुविधा की बजाय सिरदर्द साबित हो रही है। सड़क के बीचोंबीच खड़ी भारी मशीनें और बैरिकेड्स के कारण न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि वैकल्पिक मार्गों पर भी दबाव बढ़ गया है। निर्माण के लिए सड़क पूरी तरह बंद कर दी गई है, लेकिन काम समय पर शुरू नहीं होने से लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। जबकि निर्माण कार्य की डेडलाइन महज एक माह तय की गई है, मौजूदा गति को देखते हुए दो किलोमीटर सड़क का निर्माण तीन से चार महीने में ही पूरा हो पाने की संभावना नजर आ रही है।

तैयारी पूरी, फिर भी शुरू नहीं हुआ काम
निर्माण कार्य नियमित न होकर टुकड़ों में किया जा रहा है। सोमवार को सुभाष स्कूल के सामने लगभग 25 मीटर सड़क बनाई गई थी, वहीं मंगलवार को कार्य पूरी तरह बंद रहा। बुधवार सुबह ठेकेदार अपनी पूरी मशीनरी के साथ सुभाष स्कूल और रेमंड शोरूम के बीच पहुंचा और बैरिकेड लगाकर सड़क बंद कर दी गई। स्थानीय नागरिक वैकल्पिक रास्तों से आवागमन करते नजर आए, लेकिन दोपहर तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। जेसीबी और पावर मशीनें निष्क्रिय खड़ी रहीं, जबकि श्रमिक हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। इससे वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों राहुल द्विवेदी, मंटू उपासे, कीर्ति पवार और श्याम अग्निहोत्री का कहना है कि सुबह से निर्माण की पूरी तैयारी थी और मौसम भी साफ था, बावजूद इसके दोपहर तक काम शुरू नहीं होना ठेकेदार की मनमानी को दर्शाता है। इससे जनता की परेशानी और अधिक बढ़ रही है।
अधिकारी बता रहे मजबूरी, जनता झेल रही दुश्वारी
लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इस देरी के लिए मौसम को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि बारिश की संभावना को ध्यान में रखकर टुकड़ों में काम करना मजबूरी है। हालांकि, जिस तरह से बिना कार्य किए सड़क बंद कर दी जाती है, उससे यह निर्माण कार्य आम जनता के लिए सुविधा से अधिक तमाशा बनकर रह गया है।
इनका कहना…..
सड़क निर्माण के दौरान बारिश की स्थिति को ध्यान में रखा जा रहा है। ठेकेदार को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएस परमार, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी बैतूल




