Betul Nagar Palika: नपा की वसूली टीम फुल स्पीड में, लक्ष्य के करीब पहुंचा राजस्व

पिछले साल से 7′ ज्यादा वसूली, आंकड़ों में दिखी मजबूती

Betul Nagar Palika: बैतूल। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समाप्त होने में अब महज एक सप्ताह का समय शेष है और नगर पालिका बैतूल की राजस्व टीम पूरी रफ्तार से वसूली अभियान में जुटी हुई है। इस वर्ष वसूली के आंकड़े पिछले वर्ष के मुकाबले बेहतर नजर आ रहे हैं, जिससे नपा के 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

 वरिष्ठ राजस्व अधिकारी सुभाष प्रजापति, राजस्व निरीक्षक बृजगोपाल परते और उप निरीक्षक अखिल राय के अनुसार 25 मार्च तक की स्थिति में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष करीब 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकारियों का दावा है कि शेष दिनों में पूरी ताकत के साथ अभियान चलाकर शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।सम्पत्ति कर की बात करें तो पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 25 मार्च तक 93 प्रतिशत वसूली हुई थी, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 96 प्रतिशत तक पहुंच गया है। यह 3 प्रतिशत की वृद्धि नपा के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

अन्य करों में भी बढ़त कायम

समेकित कर में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। पिछले वर्ष जहां 47 प्रतिशत वसूली हुई थी, वहीं इस वर्ष यह 57 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसी तरह दुकान, भवन और भूमि किराए में वसूली 46 प्रतिशत से बढ़कर 62 प्रतिशत हो गई है।शिक्षा उपकर में भी 4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 65 प्रतिशत वसूली हो चुकी है। वहीं जल शुल्क के मामले में सबसे ज्यादा सुधार दर्ज किया गया है। पिछले वर्ष 40 प्रतिशत के मुकाबले इस वर्ष 57 प्रतिशत वसूली हो चुकी है, जो करीब 17 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।

कुल वसूली में बड़ा उछाल

कुल राजस्व वसूली के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले वर्ष 6 करोड़ 69 लाख 13 हजार 745 रुपये (65 प्रतिशत) की वसूली हुई थी। वहीं इस वर्ष 8 करोड़ 50 लाख 87 हजार 610 रुपये की वसूली के साथ 72.86 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी 28 प्रतिशत वसूली शेष है, जिसके लिए टीम लगातार फील्ड में सक्रिय है। जनगणना के दौरान मकानों की नंबरिंग जैसे कार्यों के बीच भी टीम का प्रदर्शन बेहतर रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि वित्तीय वर्ष के अंत तक नपा नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button