Betul News: गुमनामी की जिंदगी से निकलकर विकास से जुड़ेंगे वनवासी

Betul News: The forest dwellers will come out of their lives of anonymity and join the development

जिले के 91 वन ग्रामों की सूरत बदलने की तैयारी, वनवासियों को भी मिलेगा अब सरकारी योजनाओं का लाभ

Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश सरकार की पहल पर बैतूल जिले के 91 वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में तब्दील करने की प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है। इस ऐतिहासिक निर्णय के बाद इन ग्रामों में निवासरत हजारों वनवासी परिवारों के जीवन में बदलाव की एक नई उम्मीद जाग उठी है। वर्षों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित यह गांव अब सरकारी योजनाओं और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए तैयार हैं।

प्रदेश की मोहन सरकार द्वारा कुछ माह पूर्व वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित करने संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया गया था। इसके तहत बैतूल जिला प्रशासन ने कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में तेजी से काम करते हुए जिले के 91 वन ग्रामों की पहचान, सीमांकन और दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण कर ली है। साथ वन वृत बैतूल के मुख्य वन संरक्षक वासु कनोजिया ने भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समय पर रिपोर्ट शासन को भेजे, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

विकास की मुख्या धारा से जुड़ेंगे वन ग्राम

वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में तब्दील करने के इस फैसले का सबसे बड़ा लाभ इन 91 वन ग्रामों में रहने वाले आदिवासी और अन्य समाज के लोगों को मिलेगा। सरकार का यह फैसला काबिलेतारीफ इसलिए है कि वन ग्रामों में गुमनामी की जिंदगी जी रहे वनवासी अब सीधे विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकेंगे। यहां रहने वाले वनवासी अब तक सिर्फ वनभूमि पर रहने के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित थे। न पक्की सड़कें थीं, न बिजली-पानी की सुविधाएं, न शिक्षा के संसाधन और न ही स्वास्थ्य सेवाएं, लेकिन अब इन्हें भी पंचायत व्यवस्था के अंतर्गत योजनाओं का लाभ मिलेगा।

वन ग्रामों से राजस्व ग्रामों में परिवर्तित हो जाने से केवल नक्शा ही नहीं बदलेगा बल्कि गांवों की पूरी तस्वीर ही बदल जाएगी। इन गांवों में अब जमीनों का बंटवारा और नामांतरण हो सकेगा। इतना ही नहीं, यहां की फसलों की अब गिरदावरी भी हो सकेगी। गांवों का नए सिरे से विकास किया जाएगा और ग्रामीणों को अनेक सुविधाएं मिल सकेंगी। सरकार की सभी निर्माण और विकास योजनाएं स्वीकृत हो सकेंगी, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि इसके लिए प्रशासनिक प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। केवल उच्च स्तर पर वन विभाग का नोटिफिकेशन ही जारी होना बाकी है।

जंगलों की सीमाओं से निकलकर बदलेंगे जीवन शैली

इस बदलाव से इन गांवों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल और जनसेवा केंद्र जैसे बुनियादी ढांचे का विकास शुरू हो सकेगा। इससे न सिर्फ इन वनवासियों की जीवनशैली बदलेगी, बल्कि वे सामाजिक और आर्थिक रूप से भी सशक्त हो सकेंगे। वनग्रामों में रहने वाले कई परिवार आज भी अपने आपको मुख्यधारा से कटा हुआ महसूस करते हैं, लेकिन अब उनके पास अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा देने, समय पर इलाज कराने और सरकारी लाभ लेने के समान अवसर होंगे।

यह परिवर्तन न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह सामाजिक समावेश की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगा । वर्षों से गुमनामी में जीवन बिता रहे हजारों वनवासी परिवार अब अपने अधिकारों के साथ सम्मानजनक जीवन जी सकेंगे। यह कदम बैतूल जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कुल मिलाकर, यह पहल वनवासियों के लिए एक नई शुरुआत है, एक ऐसा रास्ता जो उन्हें जंगलों की सीमाओं से निकालकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का अवसर देगा , क्योंकि अब बैतूल जिले के 91 वन ग्रामों की सूरत बदलने जा रही है, और इसके साथ ही बदलने जा रही है वहां रहने वाले हजारों परिवारों की किस्मत।

इनका कहना…..

जिले के 91 वन ग्राम राजस्व ग्राम में परिवर्तित किए जाने की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। शासन को रिपोर्ट भी भेज दी गई है। वन विभाग के नोटिफिकेशन के जारी होते ही वन ग्राम राजस्व ग्राम में परिवर्तित हो जाएंगे। इसके बाद आगे प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर बैतूल

वनग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों को जल्द से जल्द प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के लिए निर्देशित किया गया है। शासन को जल्द रिपोर्ट भेजी जाएगी।

वासु कनोजिया, मुख्य वन संरक्षक वनवृत बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button