Betul News : बैतूल-सारणी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: पिकअप की टक्कर से युवक की मौत

Betul News : बगडोना। बैतूल-सारणी स्टेट हाईवे पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई। घटना रात करीब 9 बजे की है जब साईं लीला कॉलोनी सलैया निवासी 45 वर्षीय राजेश वर्मा हाईवे किनारे गुपचुप खा रहे थे। इसी दौरान सारणी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में राजेश वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि युवक का कान भी क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर ही गिर पड़ा। तत्काल मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजेश वर्मा एक वॉशिंग सेंटर में कार्यरत थे और घटना के समय चौक पर गुपचुप खाने गए थे। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप वाहन को जप्त कर लिया। साथ ही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। यह हादसा एक बार फिर से तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही की ओर इशारा करता है, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ रही है।




