Betul News: ठेकेदार ने भुगतान के अभाव में काम करने से किया इंकार

Betul News: Contractor refused to work due to lack of payment

बसस्टैंड से लल्ली चौक सड़क बेतरतीब, सड़क तक वाहन खड़े होने से आए दिनों लग रहा जाम

Betul News: बैतूल। बेतरतीब और बिना प्लानिंग की कार्यप्रणाली के कारण नगरपालिका हंसी की पात्र बनते जा रही है। मामला मुल्ला पेट्रोल पंप से लेकर लल्ली चौक से जुड़ा है। ठेकेदार ने विधायक की नाराजगी के बाद बसस्टैंड से लल्ली चौक तक की सड़क का काम शुरू तो कर दिया, लेकिन पुराने काम का भुगतान नहीं होने के कारण बचा हुआ काम करने से इंकार कर दिया है, इससे नपा की हाथ-पैर फुल गए हैं। अब नपा ठेकदार को पुराने कामों का भुगतान करने की तैयारी कर रही है। इस बीच अधूरे निर्माण के कारण आसपास के दुकानदारों ने सड़क तक पार्किंग कर दी है, इससे आए दिनों जाम की स्थिति भी निर्मित होने लगी है।

नगरपालिका ने कुछ वर्ष पहले मुल्ला पेट्रोल पंप से लल्ली चौक तक डिवाइडरयुक्त डामरीकृत सड़क के लिए टेंडर आमंत्रित किए थे। यह टेंडर अग्रवाल कंस्ट्रक्शन को मिले थे, लेकिन दूसरे ठेकेदार द्वारा काम किया जा रहा था। चूंकि नपा और ठेकेदार के बीच निर्माण को लेकर मतभेद उजागर होने के बाद काम में काफी विलंब हुआ। ठेकेदार ने जैसे-तैसे पिछले वर्ष मुल्ला पेट्रोल पंप से बसस्टैंड तक का काम शुरू किया था। इसमें भी पशु चिकित्सालय के सामने काम पूरा नहीं हो पाया। दरअसल बारिश का पानी सड़क पर जमा होने की स्थिति निर्मित हो गई, तब नपा को नाली निर्माण की याद आई। आनन फानन में नपा को अपनी गलती का एहसास हुआ और 1 करोड़ की लागत से नाली निर्माण के टेंडर आमंत्रित किए। वर्तमान में ठेकेदार भगवत चढ़ोकार द्वारा पशुचिकित्सालय के सामने से होते कोठीबाजार तक नाली निर्माण का काम किया जा रहा है। संभावना है कि बारिश के पहले यह काम पूरा हो जाएगा, लेकिन सड़क का अधूरा काम अभी भी लोगों के लिए सिरदर्द बना हुआ है।

विधायक की नाराजगी के बाद शुरू हुआ काम अव्यवस्था की भेंट चढ़ा

विधायक हेमंत खंडेलवाल की नाराजगी के बाद नपा ने ठेकेदार से चर्चा करने के बाद बसस्टैंड से लल्ली चौक का काम शुरू कराया। यहां पर भी पोल शिफ्ट और सड़क बनाने वाले ठेकेदार के बीच तालमेल नहीं मिल रहा था। जैसे-तैसे पोल शिफ्ट करने के बाद काम शुरू हुआ तो अतिक्रमण हटाना नपा की चुनौती बन गया। नपा ने बसस्टैंड से लल्ली चौक तक सख्ती से अतिक्रमण हटाकर सड़क बनाने के लिए रोड क्लियर कराई। ठेकेदार ने बसस्टैंड से लल्ली चौक तक डिवाडर भी लगा दिए। आधे हिस्से की सड़क भी बन गई, लेकिन इसके बाद काम रोक दिया गया। हालात यह है कि काम रूकने के बाद कोठीबाजार मुख्य मार्ग पर व्यापारियों द्वारा सड़क तक वाहन खड़े किए जा रहे थे, इससे आए दिनों जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। साप्ताहिक बाजार रविवार और गुरुवार के दिन तो हालात किसी से छिपे नहीं है। नपा चाहकर भी यह व्यवस्था नहंी बना पा रही है।

20 लाख के भुगतान पर अटका काम

सूत्र बताते हैं कि 1.66 करोड़ की लागत से मुल्ला पेट्रोल पंप से लेकर लल्ली चौक तक डिवाइडरयुक्त सड़क बनना है। इसके लिए ठेकेदार को पूर्व में नपा ने 50 लाख का भुगतान कर दिया था, लेकिन शेष बचे भुगतान को लेकर नपा ने रूचि नहीं दिखाई। चूंकि ठेकेदार ने इस सड़क काम लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा कर दिया है। इस लिहाज से उसे लगभग 30 लाख रुपए और भुगतान किया जाना था। सूत्रों ने बताया कि फिलहाल ठेकेदार 20 लाख रुपए भुगतान मांग रहा था, ताकि आगे का काम शुरू किया जा सके। इसी वजह ठेकेदार ने आधा काम शुरू होने के बाद बंद कर दिया। अब जनप्रतिनिधियों की नाराजगी सामने आने के बाद नपा तालमेल स्थापित कर ठेकेदार को भुगतान करने की तैयारी कर रही है, ताकि बारिश के पहले सड़क निर्माण पूरा किया जा सके।

इनका कहना…

ठेकेदार को भुगतान करने के लिए निर्देश दिए जा चुके हैं। शीघ्र ही 20 लाख रुपए का भुगतान कर दिया जाएगा। काम भी शुरू करने के लिए उसे हिदायत दी गई है।

सतीष मटसेनिया, सीएमओ नपा बैतूल

Ankit Suryawanshi

मैं www.snewstimes.com का एडिटर हूं। मैं 2021 से लगातार ऑनलाइन न्यूज पोर्टल पर काम कर रहा हूं। मुझे कई बड़ी वेबसाइट पर कंटेंट लिखकर गूगल पर रैंक कराए हैं। मैने 2021 में सबसे पहले khabarwani.com, फिर betulupdate.com, sanjhveer.com, taptidarshan.com, betulvarta.com, yatharthyoddha.com पर काम करने का अनुभव प्राप्त हैं।इसके अलावा मैं 2012 से पत्रकारिता/मीडिया से जुड़ा हुआ हूं। प्रदेश टुडे के बाद लोकमत समाचार में लगभग 6 साल सेवाएं दीं। इसके साथ ही बैतूल जिले के खबरवानी, प्रादेशिक जनमत के लिए काम किया।

Related Articles

Back to top button